उमर अब्दुल्ला ने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, सुरेंद्र चौधरी बने उपमुख्यमंत्री
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के तौर पर उमर अब्दुल्ला ने शपथ ले ली है। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके साथ ही सुरेंद्र कुमार चौधरी जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बता दें कि सुरेंद्र चौधरी ने नौशेरा से भाजपा के उम्मीदवार को हराकर जीत दर्ज की है।
इसके साथ ही सकीना इटू, जावेद राणा, जावेद अहमद डार, सतीश शर्मा ने भी उमर अब्दुल्ला के साथ मंत्री पद की शपथ ली। जिस तरह से उमर अब्दुल्ला ने अपने मंत्रिमंडल में दो हिंदू विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह दी है, उससे साफ ही कि वह संदेश देना चाहते हैं कि वह जम्मू और कश्मीर दोनों को साथ लेकर चलना चाहते हैं।

सुरेंद्र चौधरी उपमुख्यमंत्री
सुरेंद्र चौधरी ने भाजपा के रवींद्र रैना को चुनाव में हराया था, जिसके बाद उमर अब्दुल्ला ने उन्हें उपमुख्यमंत्री के तौर पर चुना है। उमर अब्दुल्ला ने चुनाव प्रचार के दौरान भी कहा था कि आज सुरेंद्र जी को बहुत लोग नहीं जानते हैं, लेकिन बहुत जल्द ही लोग उन्हें जानने लगेंगे।
जम्मू में 10 हिंदू बाहुल्य विधानसभा सीटों में से 6 सीटों पर भाजपा ने क्लीन स्वीप किया था। ऐसे में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने मंत्रिमंडल में जम्मू क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देकर नया संदेश देने की कोशिश की है।
बड़े नेता हुए शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में इंडिया गठबंधन के नई नेता शामिल हुए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारुक अब्दुल्ला, अखिलेश यादव, महबूबा मुफ्ती, आप सांसद संजय सिंह, सीपीआई नेता डी राजा भी शपथ ग्रहण में शामिल हुए।
सरकार में शामिल नहीं कांग्रेस
बता दें कि जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। 90 में से 42 सीटों पर एनसी ने तो 6 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। जबकि भाजपा ने 29 सीटों पर यहां जीत दर्ज की है। हालांकि कांग्रेस ने उमर सरकार में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है, कांग्रेस सरकार को बाहर से समर्थन देगी।












Click it and Unblock the Notifications