जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में लगा नाइट कर्फ्यू, रोटेशन प्रणाली के तहत सिर्फ 50 फीसदी ही खुलेंगी दुकानें
श्रीनगर, अप्रैल 20। जम्मू-कश्मीर में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से सभी जिलों नाइट कर्फ्यू को लागू कर दिया गया है। आपको बता दें कि अभी तक इस केंद्र शासित प्रदेश के सिर्फ आठ जिलों में ही नाइट कर्फ्यू लागू था, लेकिन अब प्रशासन ने सभी जिलों के शहरी इलाकों में नाइट कर्फ्यू को लागू कर दिया है। अब सभी जिलों में रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। मंगलवार को उपराज्यपाल कार्यालय की तरफ से जारी आधिकारिक घोषणा के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में 20 जिलों के सभी नगरपालिका / शहरी स्थानीय निकायों में नाइट कर्फ्यू को बढ़ाया जा रहा है।

50 प्रतिशत दुकानें ही खुलेंगी- उपराज्यपाल
नए नियमों के अनुसार, बाजारों, शॉपिंग कॉम्पलेक्स और मॉल में दुकानों को रोटेशन के आधार पर खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन सभी जगहों पर एक समय में सिर्फ 50 प्रतिशत दुकानें ही खोली जाएंगी। साथ ही हर रविवार बाजारों को पूरी तरह से बंद रखा जाएगा। उपराज्यपाल ने कहा कि इन नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। इसके अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट को सिर्फ 50 फीसदी क्षमता के साथ ही चालू रखने की अनुमति दी है। प्रदेश में इन सभी नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) पर होगी।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर प्रशासन अमरनाथ यात्रा को लेकर भी तैयारियां कर रहा है। पिछले साल की तरह इस साल भी यात्रा को लेकर कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। आपको बता दें कि अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 28 जून से होनी है।












Click it and Unblock the Notifications