श्रीनगर में आतंकियों ने की पुलिस कांस्टेबल की हत्या, वारदात के बाद हुए फरार
नई दिल्ली, 7 नवंबर: कश्मीर घाटी में आतंकी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को श्रीनगर के बटमालू इलाके में आतंकियों ने एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। मारे गए जवान की पहचान कांस्टेबल तौसीफ अहमद के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी मौके से फरार हो गए। ऐसे में पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
Recommended Video

मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि रात करीब आठ बजे आतंकियों ने एसडी कॉलोनी, बटमालू में कांस्टेबल तौसीफ अहमद के आवास के पास गोलीबारी की। गोली उनके सिर में लगी, जिस वजह से वो गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उनको एसएमएचएस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई थी। अभी तौसीफ की उम्र सिर्फ 29 साल ही थी। अधिकारियों के मुताबिक इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है। फिलहाल घटना की जिम्मेदारी किसी भी आतंकी संगठन ने नहीं ली है।
NC ने की घटना की निंदा
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने इस घटना की निंदा की है। पार्टी ने ट्वीट कर लिखा कि हम श्रीनगर के बटमालू में 29 वर्षीय पुलिसकर्मी पर कायरतापूर्ण और नृशंस हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं। निंदा के लिए कोई शब्द पर्याप्त नहीं होंगे। अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह दे। दुख की इस घड़ी में नेशनल कॉन्फ्रेंस उनके परिवार के साथ है।
गृहमंत्री ने दिए हैं ये निर्देश
पिछले महीने 16 और 17 अक्टूबर को आतंकियों ने 4 मजदूरों को मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद गृहमंत्री अमित शाह भी कश्मीर के दौरे पर गए। गृह मंत्रालय ने एनआईए को इस साजिश के पीछे की वजह पता लगाने का काम सौंपा है। इसके अलावा सुरक्षाबलों को भी ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। अब श्रीनगर की सड़कों पर नए बंकर बनाए गए हैं, ताकि फरार होने वाले आतंकियों को रोका जा सके।












Click it and Unblock the Notifications