महबूबा मुफ्ती को फिर से किया गया नजरबंद, घर के मेन गेट पर लगा ताला और CRPF हुई तैनात
श्रीनगर, अगस्त 21। जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती को एकबार फिर श्रीनगर स्थित उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया है। खुद महबूबा मुफ्ती ने ट्विटर के जरिए यह जानकारी दी है। महबूबा मुफ्ती ने अपने घर के बाहर की तस्वीरें पोस्ट की हैं। इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि महबूबा मुफ्ती के घर के बाहर सीआरपीएफ की एक वैन खड़ी है और मेन गेट पर ताले भी लगे हुए हैं।
Recommended Video

मुफ्ती ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना
महबूबा मुफ्ती ने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा है, "भारत सरकार कश्मीरी पंडितों के दर्द को छिपाना चाहती है, क्योंकि उनकी कठोर नीतियों के कारण ही घाटी में टारगेट किलिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिन्होंने कश्मीर छोड़ने का विकल्प नहीं चुना। इस तरह से सरकार हमें सभी के सामने उनका दुश्मन बता रही है और इसीलिए मुझे आज फिर से हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।"
कश्मीरी पंडित के परिवार से मिलने जाने वाली थी महबूबा
महबूबा मुफ्ती की नजरबंदी को लेकर पीडीपी के प्रवक्ता सुहैल बुखारी ने बताया है कि महबूबा मुफ्ती रविवार को शोपियां जिले के छोटिगम गांव जाने वाली थीं, जहां 16 अगस्त को आतंकियों ने एक स्थानीय कश्मीरी पंडित सुनील कुमार भट्ट की हत्या कर दी थी। शोपियां जिले में आतंकियों ने सुनील भट्ट और उनके परिवार पर हमला किया था, जिसमें सुनील की मौत हो गई थी। यह हमला आतंकी संगठन अल बदर ने ली थी।
पहले भी नजरबंद हो चुकी हैं महबूबा मुफ्ती
आपको बता दें कि महबूबा मुफ्ती को पिछले तीन महीने में यह दूसरी बार नजरबंद किया गया है। इससे पहले 13 मई को स्थानीय प्रशासन ने महबूबा मुफ्ती को हाउस अरेस्ट किया था। उस वक्त वो बडगाम में कश्मीरी पंडित राहुल भट्ट के परिजनों से मिलने जा रही थीं, जिसकी आतंकियों ने हत्या कर दी थी। महबूबा मुफ्ती को इससे पहले अगस्त 2019 में भी उस वक्त नजरबंद किया गया था, जब आर्टिकल 370 को हटाया गया था। उस समय महबूबा मुफ्ती के अलावा फारुख अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला को भी नजरबंद किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications