कश्मीर: लश्कर के टॉप कमांडर सलीम पर्रे समेत दो आतंकी ढेर
नई दिल्ली, 3 जनवरी: कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है, जहां लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर सलीम पर्रे समेत दो आतंकियों को सेना ने मार गिराया। घाटी में हुई कई आतंकी वारदातों में उसका हाथ था, जिस वजह से सुरक्षाबल लंबे वक्त से सलीम की तलाश कर रहे थे। वहीं सोमवार को ही श्रीनगर के घासू इलाके में एक दूसरी मुठभेड़ हुई, उसमें भी एक आतंकी मारा गया है। उसके पास से हथियार और कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक श्रीनगर के शालीमार पार्क इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इस पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप, सीआरपीएफ और सेना की राष्ट्रीय राइफल्स ने संयुक्त अभियान शुरू किया। जवानों का पास आता देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर जवाबी कार्रवाई की गई। इस एनकाउंटर में लश्कर आतंकी सलीम पर्रे और एक पाकिस्तानी आतंकी हाफिज उर्फ हमजा मारा गया। वो बांदीपोरा में दो पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल था।
घाटी में आतंकियों की संख्या सबसे कम
कश्मीर घाटी में हालात अब काफी हद तक सुधर गए हैं, जहां आतंकियों की संख्या अब सबसे कम है। हाल ही में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया था कि घाटी में कुल आतंकियों की संख्या 200 से कम हो गई है, जबकि स्थानीय आतंकियों की संख्या 85 से 90 के बीच है। ये पहला मौका है जब घाटी में स्थानीय आतंकियों की संख्या 100 से कम है।
Recommended Video
IB पर बड़ी साजिश नाकाम
वहीं दूसरी ओर बीएसएफ ने सोमवार सुबह जीरो लाइन पर गश्त के दौरान जम्मू सेक्टर से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और हेरोइन बरामद किया। ये सामान सीमा चौकी 35 के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था। इसमें एक बोरी प्रतिबंधित दवाएं भी हैं। मामले में जम्मू-कश्मीर में आईजी बीएसएफ डीके बूरा ने कहा कि हमने जम्मू सेक्टर से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और हेरोइन बरामद किए हैं। कुछ दिन पहले अरनिया सेक्टर में एक घुसपैठिए को मार गिराया गया था। हमारे सतर्क सैनिक पाकिस्तान के ऐसे प्रयासों को विफल करना जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications