कारगिल: ऊंची चोटी पर फंसा इटली का पर्वतारोही, सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाए चीतल हेलीकॉप्टर
जम्मू, 19 अगस्त: कारगिल सेक्टर में एक पर्वतारोही के फंसे होने की खबर सामने आ रही है, जो इटली से ट्रैकिंग के लिए भारत आया था। घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय सेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। साथ ही इस ऑपरेशन में सेना के चीतल हेलीकॉप्टर को भी लगाया गया है। आशंका जताई जा रही कि इस ऑपरेशन में थोड़ा वक्त लग सकता है और अभी पर्वतारोही के स्वास्थ्य को लेकर भी कोई अपडेट नहीं मिल पाया है।

दरअसल लद्दाख और कारगिल में बहुत से ऊंचे पहाड़ हैं, जहां पर एडवेंचर के लिए विदेशी पर्वतारोही आते हैं। हाल ही में वहां इटली का एक पर्वतारोही भी पहुंचा था। बाद में पता चला कि वो कारगिल सेक्टर की एक पहाड़ की चोटी पर फंस गया है। ऐसे में तुरंत वहां तैनात सेना की यूनिट को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। सैन्य सूत्रों ने कहा ऑपरेशन प्रगति पर है और सभी आवश्यक लॉजिस्टिक्स को तैनात कर दिया गया है। साथ ही ऑपरेशन में चीतल हेलीकॉप्टर्स को भी लगाया गया है।
चीता का हाईटेक वर्जन है चीतल
आपको बता दें कि चीतल चीता हेलीकॉप्टर का री-इंजन वाला संस्करण है। इस प्रोजेक्ट को 2002 में शुरू किया था। इस हेलीकॉप्टर को अपग्रेड करने का मकसद ऊंचाई वाले इलाकों में तेजी से हवाई अभियान चलाना है। इससे जुड़े विशेषज्ञों के मुताबिक ये हेलीकॉप्टर काफी जल्दी स्टार्ट होकर उड़ान भर सकता है। इसके अलावा इसके इंजन को हैंडल करना भी बहुत आसान है, जो कम आवाज उत्पन्न करते हैं। वहीं उच्च पर्वतीय इलाकों में ऑपरेट करने के लिए ये भारतीय सेना की काफी ज्यादा मदद करता है।












Click it and Unblock the Notifications