Jammu Kashmir: अगले 24 घंटों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी, JKDMA ने दी इस इलाके में ना जाने की सलाह
jammu Kashmir Avalanche Alert: जम्मू और कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (JKDMA) ने अगले 24 घंटों में गांदरबल जिले में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है। जिसके चलते लोगों को सजग रहने की सलाह दी गई है। जम्मू और कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (JKDMA) ने गुरुवार को अगले 24 घंटों के दौरान गांदरबल जिले में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
हाल ही में JKDMA ने एक अलर्ट जारी करते हुए कहा था कि जम्मू-कश्मीर में समुद्र तल से 3500 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन हो सकता है। इसी के साथ डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों में हिमस्खलन के खतरे के लिए सजग किया था।
गांदरबल जिले को लेकर अलर्ट जारी
वहीं अब एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि अगले 24 घंटों में गांदरबल जिले के ऊपर समुद्र तल से 2800 मीटर की ऊंचाई पर कम खतरे का हिमस्खलन होने की संभावना है।
साथ ही लोगों को अलर्ट करते हुए जेकेडीएमए ने कहा, "इन इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियात बरतने और अगले आदेश तक हिमस्खलन की आशंका वाले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी जाती है।"
दो विदेशी पर्यटकों की गई थी जान
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में इससे पहले 30 मार्च और 25 मार्च को भी हिमस्खलन होने की चेतावनी जारी की गई थी। इससे पहले इसी साल फरवरी में जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में हिमस्खलन में दो विदेशी नागरिकों की जान चली गई थी। बता दें कि गुलमर्ग में 19 विदेश पर्यटक और 2 लोकल गाइडों फंसे हुए थे, जिनको सकुशल बचाया गया था।












Click it and Unblock the Notifications