Reasi Tension:अमरनाथ यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश! मंदिर में तोड़फोड़, 3 संदिग्ध हिरासत में
Reasi Tension: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में अज्ञात लोगों ने एक पूजा स्थल में कथित तौर पर तोड़फोड़ की। जिसके बाद, हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के स्थानीय लोगों ने रविवार को विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि दोषियों की पहचान की जाए और उन्हें दंडित किया जाए।
उधर, उपायुक्त विशेष पॉल महाजन ने बताया कि तोड़फोड़ 29 जून की शाम को की गई है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मामला धरमाड़ी क्षेत्र के एक गांव का है। यहां स्थित मंदिर में तोड़फोड़ की गई, जिससे तनाव फैल गया। हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के सदस्यों ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया और कहा कि इस तरह की घटनाएं जिले में सदियों पुराने भाईचारे को नुकसान पहुंचाने के लिए उनके बीच दरार पैदा करने का एक जानबूझकर किया गया प्रयास है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर और धरना देकर जिले में मुख्य सड़क को अवरूद्ध कर दिया। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा उन्हें बताया गया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और दोषियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं, जिसके बाद वे शांतिपूर्वक वहां से चले गए। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। यह सांप्रदायिक सद्भाव के अलावा विकास गतिविधियों में बाधा उत्पन्न करने और तोड़फोड़ करने का प्रयास है।
तीन संदिग्ध हिरासत में
रियासी एएसपी इफ्तिखार ने बताया कि मामले में लगभग तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। कई और लोगों की पहचान की गई है। पुलिस टीमें काम कर रही हैं... जो असामाजिक तत्व हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
आगे बताया कि एसएसपी ने एक विशेष जांच टीम भी गठित की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी स्तर के अधिकारी मामले को देखेंगे... रियासी पुलिस जल्द से जल्द दोषी की पहचान कर उन्हें कानून के तहत सजा देने की कोशिश कर रही है ताकि शांति बनी रहे।












Click it and Unblock the Notifications