Kishtwar: घाटी में दो मोर्चों पर सेना का ऑपरेशन, किश्तवाड़ में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़, गोलीबारी जारी
Kishtwar: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सेना का अभियान लगातार जारी है। घाटी के किश्तवाड़ जिले के दुल इलाके में रविवार को आतंकियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसने पूरे इलाके में तनाव बढ़ गया है। खुफिया इनपुट के आधार पर चलाए जा रहे इस ऑपरेशन में दोनों ओर से गोलियां चल रही हैं और सेना के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं।
यह ताज़ा मुठभेड़ ऐसे समय में हो रही है जब कुलगाम जिले में 'ऑपरेशन अखाल' के दौरान दो जवानों ने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान न्यौछावर कर दी थी। रविवार को व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर सेना ने कार्रवाई की, जिसके दौरान आतंकियों के साथ फायरिंग शुरू हुई। अभी ऑपरेशन जारी है।

कुलगाम में दो जवान हुए थे शहीद
एक दिन पहले कुलगाम जिले में हुई रातभर की गोलीबारी में सेना के दो जवान शहीद हो गए थे। शहीद जवानों की पहचान लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के रूप में हुई। यह घटना 'ऑपरेशन अखाल' के नौवें दिन हुई थी।
ये भी पढ़ें: प्लानिंग से लेकर एग्जीक्यूशन तक, IIT मद्रास में जनरल द्विवेदी ने सुनाई ऑपरेशन सिंदूर की कहानी
1 अगस्त से चल रहा है ऑपरेशन
'ऑपरेशन अखाल' की शुरुआत 1 अगस्त को हुई थी, जब सुरक्षा बलों को इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और एसओजी ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इस दौरान एक आतंकी को भी मार गिराया गया था।
शहीदों को दी श्रद्धांजलि
चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि लांस नायक प्रितपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह का साहस और समर्पण हमेशा प्रेरणा देता रहेगा। भारतीय सेना ने दोनों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
ये भी पढ़ें: Operation Akhal: सेना ने आतंकियों को चारों ओर से घेरा, एनकाउंटर में दो जवान शहीद, सर्च ऑपरेशन हुआ और तेज












Click it and Unblock the Notifications