घाटी में सरकारी हिंदू कर्मचारियों के ट्रांसफर होंगे जिला मुख्यालय मे, हाई लेवल मीटिंग के बाद LG का फैसला
श्रीनगर, जून 01। जम्मू कश्मीर में कश्मीरी हिंदुओं के लिए एकबार फिर से माहौल खराब होता दिख रहा है। पिछले कुछ दिनों के अंदर घाटी में कश्मीरी पंडितों की हत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और ऐसे में कश्मीरी हिंदू दहशत के माहौल में हैं। इस बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कश्मीर घाटी के सभी हिंदू सरकारी कर्मचारियों का ट्रांसफर जिला मुख्यालय में कर दिया है।

एलजी ने उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिया फैसला
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, उपराज्यपाल ने यह फैसला कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों के अंदर सरकारी हिंदू कर्मचारियों की हत्या की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया है। मनोज सिन्हा ने बुधवार को श्रीनगर में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें पुलिस और नागरिक प्रशासन दोनों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक में फैसला लिया गया कि दूर-दराज के क्षेत्रों में कार्यरत हिंदू-अल्पसंख्यक सरकारी कर्मचारियों का कश्मीर घाटी में जिला मुख्यालय में ट्रांसफर किया जाएगा।
घाटी के अलावा जम्मू में भी ट्रांसफर ले सकते हैं कर्मचारी
आपको बता दें कि उपराज्यपाल ने उन लोगों के लिए भी विकल्प दिया है जो कश्मीर घाटी में जिला मुख्यालय में ट्रांसफर के इच्छुक नहीं हैं, ऐसे कर्मचारियों को जम्मू में ट्रांसफर लेने का विकल्प दिया गया है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर प्रशासन ने जम्मू-कश्मीर में हिंदू सरकारी कर्मचारियों के लिए उचित सुरक्षा सुनिश्चित करने और सुरक्षित आवास प्रदान करने का भी निर्णय लिया है। मनोज सिन्हा ने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वो कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों की अन्य शिकायतों का भी समाधान करेंगे।
घाटी में हो रही हैं कश्मीरी हिंदुओं की हत्या
आपको बता दें कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के गोपालपोरा इलाके में एक दिन पहले आतंकवादियों ने रजनी बाला नाम की एक महिल टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बीते 12 मई को बडगाम जिले में आतंकवादियों ने राजस्व विभाग के एक कर्मचारी राहुल भट की हत्या कर दी थी। जबकि पिछले हफ्ते ही बडगाम के चदूरा इलाके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादियों ने एक टीवी कलाकार अमरीन भट को गोली मार दी थी। उसके बाद उसकी मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications