महबूबा मुफ्ती के हिजबुल्लाह प्रेम के बाद अब उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा? मोदी सरकार से कर दी ये मांग
Jammu Kashmir Election: इजरायली सेना के ताबड़ोड़ हमलों में हिज्बुल्लाह चीफ नसरल्लाह की मौत हो गई। नसरल्लाह की मौत का असर जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में भी दिखाई देने लगा है। दरअसल, पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने नसरल्लाह को शहीद बताते हुए आज यानी रविवार 29 सितंबर के सभी चुनाव प्रचार अभियान रद्द करने का ऐलान किया है।
वहीं, दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने पीएम मोदी सहित अन्य देशों के नेताओं से इजरायल पर दबाव बनाकर, वहां फिर से शांति स्थापित करने की मांग की है। दरअसल, उमर अब्दुल्ला ने बारामुल्ला में मीडिया कर्मियों से बातचीत की।

इस दौरान पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती द्वारा लेबनान और गाजा के शहीदों, खासकर हसन नसरुल्लाह के साथ एकजुटता दिखाने पर पूछे गए सवाल पर उमर अब्दुल्ला ने कहा, 'मैं आज इस बारे में कुछ नहीं कहूंगा। हमने पिछले एक साल से इजरायल द्वारा की जा रही बमबारी और बल प्रयोग का हमेशा विरोध किया है और बार-बार मांग की है कि इसे रोका जाना चाहिए।'
उन्होंने कहा कि चाहे गाजा हो, लेबनान हो या कोई और हो, निर्दोष लोगों को मारने और घायल करने का सिलसिला बंद होना चाहिए। कल जो हुआ, उसके बाद ऐसा लग रहा है कि पूरे क्षेत्र में अब युद्ध के बादल छाने लगे हैं। भारत सरकार, प्रधानमंत्री मोदी और अन्य देशों के नेताओं को इजरायल पर दबाव बनाना चाहिए कि वह वहां फिर से शांति स्थापित करे।
नसरल्ला की मौत पर महबूबा मुफ्ती ने जताया था दुख
इससे पहले, महबूबा मुफ्ती ने हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्ला की मौत पर दुख जताया था। साथ ही, अपना चुनाव प्रचार भी रद्द कर दिया था। मुफ्ती ने X पर लिखा था, लेबनान और गाजा के मारे गए लोगों, विशेषकर हसन नसरल्लाह की मौत पर एकजुटता दिखाने के लिए मैं कल (रविवार) को अपना चुनाव प्रचार कैंपेन रद्द कर रही हूं। हम इस अपार दुख और प्रतिरोध की घड़ी में फिलिस्तीन और लेबनान के लोगों के साथ खड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications