JK Election Result: कश्मीर घाटी में BJP का क्यों नहीं चला हरियाणा वाला जादू? मुस्लिम-बहुल सीटों पर क्या हुआ?
Jammu Kashmir Result in Hindi: जम्मू और कश्मीर में त्रिशंकु विधानसभा की संभावनाएं हवा हो चुकी हैं। अगर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा विधानसभा की पहली बैठक से पहले 5 सदस्यों को विधायक के तौर पर मनोनीत भी करते हैं तो भी नेशनल कांफ्रेंस की अगुवाई वाले गठबंधन को सरकार बनाने में कोई परेशानी नहीं होगी। वहीं भाजपा का सपना इसलिए चकनाचूर होता नजर आया है, क्योंकि घाटी में उसका 'नया कश्मीर वाला' विजन फेल हो गया है।
कश्मीर घाटी के वोटरों ने बीजेपी की उम्मीदें तोड़ दीं
जम्मू-कश्मीर की 90 सीटों में से कश्मीर में विधानसभा की 47 सीटें हैं और जम्मू क्षेत्र में 43 क्षेत्र हैं। कश्मीर घाटी में बीजेपी सिर्फ 19 सीटों पर ही चुनाव लड़ रही थी और उसका दावा था कि इस बार घाटी में वह केरल की तरह ही पहला 'कमल' खिलाकर रहेगी। लेकिन, उसके भरोसे पर घाटी के वोटरों ने पानी फेर दिया है।

मुस्लिम बहुल जिलों में बहुत ही फीका रहा भाजपा का प्रदर्शन
अगर हम जम्मू कश्मीर चुनाव के परिणामों का विश्लेषण करें तो पता चलता है कि कश्मीर घाटी के मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन जुटाने में पार्टी बुरी तरह नाकाम साबित हुई है। पूरे जम्मू कश्मीर की बात करें तो 90% से ज्यादा हिंदू आबादी वाले जिलों में भाजपा का वोट शेयर जहां करीब 54% रहा है, वहीं 90% से अधिक मुस्लिम आबादी वाले जिलों में उसे करीब 4% ही वोट मिले हैं।
मुस्लिम बहुल जिलों में एनसी-कांग्रेस-सीपीएम गठबंधन ने मारी बाजी
जबकि, नेशनल कांग्रेस गठबंधन को हिंदू बहुल जिलों में 28% से अधिक और मुस्लिम बहुल जिलों में 42% से अधिक वोट पड़े हैं। इसी तरह से पीडीपी को हिंदू बहुल जिलों में मात्र 0.4% वोट आए हैं तो मुस्लिम बहुल जिलों में उसे 15% से ज्यादा वोट हासिल हुए हैं। वहीं अन्य या निर्दलियों को निर्दलीयों को हिंदू बहुल जिलों 10% से ज्यादा और मुस्लिम बहुल जिलों में करीब 22% वोट मिले हैं।
कश्मीर घाटी की सीटों पर बीजेपी को मात्र 2% वोट!
अब अगर मुस्लिम बहुल कश्मीर घाटी की सीटों पर वोट बंटवारे पर नजर डालें तो वहां एनसी गठबंधन को लगभग 43% वोट मिले हैं, वहीं पीडीपी को करीब 16%, निर्दलियों और अन्य को लगभग 21% वोट मिले हैं। लेकिन, मुस्लिम बहुल कश्मीर घाटी की 19 सीटों पर चुनाव लड़ रही बीजेपी को मात्र 2% वोट मिल पाई है।
इसके उलट हिंदू बहुल जम्मू में भी एनसी गठबंधन को करीब 33% वोट मिले हैं और भाजपा का वोट शेयर यहां 45% से अधिक रहा है। पीडीपी को इस इलाके में करीब 2.5% और निर्दलियों को लगभग 13% वोट मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications