कठुआ में भाषण देते हुए बिगड़ी मल्लिकार्जुन खड़गे की तबीयत, चेकअप के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी
Jammu Kashmir Election: जम्मू कश्मीर में तीसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार-प्रसार का आज (रविवार 29 सितंबर) आखिरी दिन है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रचार के लिए कठुआ पहुंचे। यहां मंच पर भाषण देते हुए अचानाक उनकी तबीयत खराब हो गई।
तबीयत खराब होने के बाद खड़गे ने भाषण बीच में ही रोक दिया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका हाथ पकड़कर कुर्सी पर बैठाया। साथ ही, डॉक्टरों को चेकअप के लिए बुलाया गया। चेकअप के बाद खड़गे ने अपना भाषण खत्म किया। जिसके बाद उन्हें अस्तपाल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें छुट्टी मिल गई है।

खड़गे की तबीयत को लेकर कर्नाटक के मंत्री और उनके बेटे प्रियांक खड़गे ने अपने X हैंडल पर लिखा, 'कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जम्मू-कश्मीर के जसरोटा में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते समय थोड़ी अस्वस्थता महसूस हुई। उनकी मेडिकल टीम ने उनकी जांच की है और थोड़े कम रक्तचाप के अलावा, वह ठीक हैं। उनका संकल्प और लोगों की शुभकामनाएं उन्हें मजबूत बनाए रखती हैं।"
वहीं, कांग्रेस नेता ठाकुर बलबीर सिंह ने कहा, 'उन्हें (कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे) अत्यधिक गर्मी के कारण घुटन महसूस हुई। हालांकि, उन्होंने अपना भाषण पूरा किया और वह कुछ देर आराम करेंगे। आराम करने के बाद फिर वह रामनगर में एक अन्य कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।'
कठुआ में क्या बोले खड़गे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'ये लोग (केंद्र सरकार) कभी चुनाव नहीं कराना चाहते थे। अगर वे चाहते तो एक-दो साल में ही चुनाव करा लेते...सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वो चुनाव के लिए तैयार हो गए...प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 सालों में भारत के युवाओं को कुछ नहीं दिया।'
मैं इतनी जल्दी नहीं मरने वाला: खड़गे
इतना ही नहीं, खड़गे ने मंच से बोलते हुए कहा कि हम राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए लड़ेंगे। मैं 83 साल का हूं, मैं इतनी जल्दी नहीं मरने वाला हूं। मैं तब तक जिंदा रहूंगा, जब तक पीएम मोदी सत्ता से बाहर नहीं हो जाते।












Click it and Unblock the Notifications