CCTV में कैद हुआ भागने का पूरा प्लान, जम्मू के जुवेनाइल होम से 2 पाकिस्तानी समेत 3 कैदी आखिर कैसे हुए फरार?
Jammu Juvenile Home Escape: जम्मू-कश्मीर के जम्मू जिले से सोमवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरएस पुरा इलाके में स्थित जुवेनाइल ऑब्जर्वेशन होम से तीन बंदी फरार हो गए। इनमें दो पाकिस्तानी नागरिक और एक स्थानीय युवक शामिल है।
फरार होने से पहले इन बंदियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला किया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके फुटेज अब जांच का अहम हिस्सा बन चुके हैं।

शाम 5 बजे के बाद मचा हड़कंप
अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 5.05 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ऑब्जर्वेशन होम में तैनात सुरक्षाकर्मियों पर हमला हुआ है। कुछ ही मिनटों बाद यह स्पष्ट हो गया कि तीन बंदी मौके से फरार हो चुके हैं। यह घटना जम्मू के आरएस पुरा क्षेत्र में स्थित जुवेनाइल होम के भीतर हुई, जहां सामान्य तौर पर कड़ी निगरानी रहती है।
कौन हैं तीनों फरार कैदी?
फरार हुए बंदियों की पहचान करनजीत सिंह उर्फ गुग्गा, निवासी डबलेहर आरएस पुरा, और दो पाकिस्तानी नागरिकों मोहम्मद सनाुल्लाह व अहसान अनवर के रूप में हुई है। दोनों पाकिस्तानी युवक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। खुफिया सूत्रों का कहना है कि ये दोनों युवक गलती से सीमा पार कर भारत आ गए थे और इनका किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
ड्यूटी पर तैनात जवान घायल
इस हमले में विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) विनय कुमार और हेड कांस्टेबल प्रवीन कुमार घायल हो गए। दोनों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए GMC Jammu में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है।
हाई अलर्ट और सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे RS Pura और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। फरार कैदियों की तलाश के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं और कई संभावित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। सीमावर्ती इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
CCTV फुटेज से मिले अहम सुराग
ऑब्जर्वेशन होम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कैदियों ने पहले से भागने की योजना बना रखी थी और मौके का फायदा उठाकर सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर फरार युवकों की मूवमेंट ट्रेस की जा रही है।
जांच के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस ने इस पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इतनी संवेदनशील जगह से बंदी आखिर कैसे फरार हो गए। जम्मू और पूरे जम्मू एंड कश्मीर में इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। फिलहाल पुलिस का दावा है कि फरार कैदियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications