J&K: राजौरी में भाजपा कार्यकर्ता के घर धमाका, एक बच्ची की मौत, 6 लोग घायल
श्रीनगर, 12 अगस्त। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में गुरुवार देर रात भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ता के घर विस्फोट से हड़कंप मच गया। विस्फोट के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है लेकिन इस हादसे में एक बच्ची के मौत और 6 अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर सुरक्षा एजेंसियां और राजौरी पुलिस के अधिकारी पहुंच गए हैं, घटना की जांच शुरू कर दी गई है। घायलों को राजौरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
Recommended Video

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि राजौरी में बीजेपी कार्यकर्ता के घर विस्फोट हुआ है, धमाके की वजह का पता लगाया जा रहा है। अधिकारी ने आगे बताया कि विस्फोट भाजपा के मंडल प्रधान जसबीर सिंह के घर हुआ है। 12 अगस्त की रात करीब 9.30 बजे रहस्यमयी परिस्थितियों में अचानक जोरदार धमाके की आवाज से इलाका गूंज उठा। हादसे में एक छोटी बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई है जबकि छह लोग घायल हो गए हैं। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर जगह-जगह खून के धब्बे मिले हैं।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर: कई युवा वीजा लेकर पाकिस्तान गए और आतंकी बन गए, इनमें से 17 मारे गए- DGP दिलबाग सिंह
कई मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ता जसबीर सिंह के घर पर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया है। घटना के बाद इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है। पुलिस हमलावर की तलाश में जुट गई है। गौरतलब है कि बीते कुछ साल से जम्मू-कश्मीर में बीजेपी नेता आतंकवादियों के निशाने पर हैं। इससे पहले अनंतनाग में आतंकियों ने बीजेपी नेता गुलाम रसूल डार और उनकी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमले पर जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले पर दुख जताया था।












Click it and Unblock the Notifications