जेल में बंद जम्मू-कश्मीर के सांसद इंजीनियर राशिद के भाई लड़ सकते हैं चुनाव, इस सीट से ठोक सकते हैं दावेदारी
Jammu Kashmir Assembly Polls: जम्मू-कश्मीर में 10 साल बाद विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में सूत्रों के हवाले से खबर मिल रही है कि जेल में बंद जम्मू-कश्मीर के सांसद इंजीनियर राशिद के भाई विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं।
दावा किया जा रहा है कि इंजीनियर राशिद के छोटे भाई खुर्शीद अहमद शेख उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा की लंगेट सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में खुर्शीद अहमद शिक्षा विभाग से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले सकते हैं।

लंगेट विधानसभा सीट पर जहां से खुर्शीद के चुनाव लड़ने की उम्मीद जताई जा रही है। उसी सीट का प्रतिनिधित्व पहले उनके भाई करते थे। बताया जा रहा है कि अवामी इत्तिहाद पार्टी (एआईपी) के कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में खुर्शीद अहमद शेख अपने बड़े भाई के मिशन को पूरा करने के लिए राजनीति में कदम रख रहे हैं।
वर्तमान में सरकारी शिक्षक हैं खुर्शीद
राजनीति में औपचारिक रूप से प्रवेश की घोषणा करने से उत्साहित खुर्शीद का लक्ष्य सकारात्मक बदलाव लाना और समाज में योगदान देना है। खुर्शीद, जो वर्तमान में सरकारी मिडिल स्कूल मावरा में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, अपनी नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने पर विचार कर रहे हैं।
एआईपी के एजेंडे को आगे बढ़ाएंगे
परिवार के करीबी सूत्रों का हवाला देते हुए इंडिया टुडे ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि खुर्शीद आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले सकते हैं। वह औपचारिक रूप से एआईपी के एजेंडे को रेखांकित करने और समुदाय के साथ जुड़ने की योजना बना रहे हैं ताकि उनकी चिंताओं और आकांक्षाओं को बेहतर ढंग से समझा जा सकें।
उमर अब्दुल्ला को एक लाख वोटों से हराया
एआईपी को जम्मू-कश्मीर की राजनीति में तब प्रमुखता मिली, जब इसके संरक्षक इंजीनियर राशिद ने पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को बारामूला सीट पर एक लाख से ज्यादा वोटों से हराया था। बता दें कि राशिद 2019 से दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैद हैं, जब उन्हें राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कथित आतंकवाद के वित्तपोषण और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications