IMD ने अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने की घटना से किया इनकार, बताई तबाही की असली वजह
नई दिल्ली, 9 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को बड़ा हादसा हुआ, जहां अमरनाथ गुफा के पास पानी के तेज बहाव की वजह से कई टेंट बह गए। इस घटना में 16 लोगों की मौत हुई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। शुरू में इस घटना के पीछे की वजह बादल फटने को बताया जा रहा था, लेकिन अब मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी है।

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पवित्र गुफा के आसपास शुक्रवार शाम 4.30 बजे से शाम 6.30 बजे के बीच 31 मिमी बारिश दर्ज की गई, जोकि बादल फटने से काफी कम है। तय मानक के मुताबिक अगर 60 मिनट में 100 मिमी बारिश होती है, तो उस घटना को बादल फटने के रूप में वर्गीकृत किया जाता है। उनका अनुमान है कि गुफा के ऊपरी हिस्से में काफी बारिश हुई होगी, जिस वजह से ऊपर से तेज बहाव से पानी आया और सब कुछ बहा ले गया।
महापात्र के मुताबिक अमरनाथ गुफा के पास आईएमडी का एक स्वचालित मौसम केंद्र है, जो यात्रा के दौरान मौसम का पूर्वानुमान बताता है। पवित्र गुफा के पास का इलाका बहुत ज्यादा दुर्गम है, ऐसे में वहां पर कोई मौसम निगरानी केंद्र नहीं है। आईएमडी के वैज्ञानिकों के मुताबिक गुफा के ऊपर के क्षेत्र में शाम 5.30 बजे से शाम 6.30 बजे के बीच 28 मिमी बारिश हुई। फिलहाल 10 जुलाई को फिर से जम्मू-कश्मीर में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं श्रीनगर में क्षेत्रीय मौसम केंद्र की प्रमुख सोनम लोटस के मुताबिक पवित्र गुफा के ऊपर बादल थे, जिससे अचानक बारिश हुई, लेकिन ये फ्लैश फ्लड नहीं था। उन्होंने कहा कि ऐसा हो सकता है कि गुफा के ऊपर किसी पहाड़ी इलाके में तेजी बारिश हुई हो, जिसके बाद पानी तेज बहाव से आया। इस वजह से इतना ज्यादा नुकसान हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications