VIDEO: जम्मू-कश्मीर में बारिश का 'कहर', डोडा में बाढ़ जैसे हालात, सड़कों पर आया पानी
जम्मू-कश्मीर में बारिश का सिलसिला जारी है, जिस वजह से पहाड़ों पर बहुत ज्यादा बुरे हालत हो गए हैं। वहां पर लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रहीं। प्रशासन ने सभी से घरों में रहने की अपील की है।
जम्मू संभाग के डोडा जिले के चिराला में भी भारी बारिश हुई। जिस वजह से पहाड़ का मलबा सड़कों पर आ गया। ऐसे में वहां की सड़कों पर पानी का तेज बहाव देखा गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक इलाके में कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति बनी हुई है।

डोडा का एक वीडियो भी वायरल हो रहा, जिसमें सड़क पर तेजी से पानी बहता नजर आ रहा, जबकि कुछ लोग उसमें फंसे हैं। वहीं पुलिसकर्मी अपनी जान पर खेलकर लोगों को सुरक्षित निकाल रहे हैं।
मामले में डोडा के एसएसपी अब्दुल कयूम ने कहा कि लगातार बारिश हो रही है। डोडा-किश्तवाड़ सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसकी मरम्मत कर यातायात बहाल कर दिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे अनावश्यक रूप से अपने घरों से बाहर ना निकलें।
वैष्णो देवी यात्रा भी प्रभावित
वहीं माता वैष्णो देवी की यात्रा भी बारिश की वजह से प्रभावित हुई है। जानकारी के मुताबिक अर्धकुवारी के बाद नए वाले रास्ते पर भूस्खलन हो गया था। ऐसे में उस रास्ते को श्रद्धालुओं के लिए बंद करना पड़ा। बारिश और खराब मौसम की वजह से हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रभावित है। जिला प्रशासन सभी श्रद्धालुओं से एहतियात बरतते हुए यात्रा करने की अपील कर रहा है।
जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद
वहीं दूसरी ओर भारी बारिश की वजह से रामबन में भूस्खलन हुआ, जिससे जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद हो गया। वहां पर जिला प्रशासन, NHAI और बीआरओ की टीम युद्धस्तर पर रास्ता खोलने का काम कर रही है। वहीं रास्ता बंद होने की वजह से दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications