जम्मू-कश्मीर पुलिस को बड़ी कामयाबी, पाकिस्तान से आई 300 करोड़ की ड्रग्स जब्त, दो गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है, जहां रामबन जिले में 30 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई। जिसकी कीमत बाजार में 300 करोड़ रुपये के आसपास है। इसके साथ ही पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
मामले में रामबन के एसपी मोहिता शर्मा ने कहा कि शनिवार को इनपुट मिला कि एक वाहन जिले में ड्रग्स ले जा रहा है। जिसके आधार पर एक कार को रोककर उसी तलाशी ली गई। उससे ही नशे की ये बड़ी खेप बरामद हुई है।

एसपी के मुताबिक कार में कोकीन थी, तौलने पर पता चला कि वो 30 किलोग्राम है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही दोनों आरोपियों से पूछताछ कर ये पता लगाने की कोशिश की जा रही कि उनके साथ और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।
वहीं मामले में बनिहाल थानाध्यक्ष मोहम्मद अफजल वानी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी सरबजीत सिंह और फगवाड़ा के हनी बसरा के रूप में हुई है। उनकी टीम एक कार की तलाशी ले रही थी, तभी ये सफलता मिली।
दोनों आरोपी बहुत ही शातिर हैं। उन्होंने 3 किलो कोकीन कार की छत पर छिपाई थी, जबकि 27 किलो ड्रग्स उनके सामान के अंदर था। उन्होंने पुलिस से भागने की भी कोशिश की, लेकिन उनको पकड़ लिया गया।
सीमा पार से आई है ड्रग्स
सूत्रों के मुताबिक ड्रग्स की ये खेफ पाकिस्तान से आई है। इसको पहले उत्तरी कश्मीर पहुंचा गया। वहां से ये लोग उसको पंजाब लेकर जा रहे थे, लेकिन तभी पुलिस को इसकी भनक लग गई।
पंजाब में भी जमकर होती है तस्करी
आपको बता दें कि पंजाब से लगती सीमा पर तारबंदी हो रखी है। इसके बावजूद वहां पर जमकर ड्रग्स की तस्करी की जाती है। अब पाकिस्तान ने ड्रोन के जरिए भी ड्रग्स भेजनी शुरू कर दी है। हालांकि ज्यादातर बार बीएसएफ उसके मंसूबों को नष्ट कर देता है।












Click it and Unblock the Notifications