श्रीनगर में सड़क का नाम रखा जाएगा 'शहीद माखन लाल बिंदरू', बेटी बोली- आतंकी मेरे सामने आकर दिखाएं
नई दिल्ली, अक्टूबर 06। जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में एक दिन के अंदर 3 लोगों की हत्या से दहशत का माहौल है। मंगलवार को आतंकियों ने श्रीनगर की मशहूर बिंदरू फार्मेसी के मालिक माखन लाल बिंदरू समेत 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक तरफ इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत है तो वहीं दूसरी तरफ माखन लाल बिंदरू की डॉक्टर बेटी ने अपने पिता की मौत पर आंसू बहाने से साफ इनकार कर दिया है। आतंकियों की गोली का शिकार हुए 70 वर्षीय माखन लाल की बेटी श्रद्धा बिंदरू ने कहा है कि वो उन आतंकियों को एक बहस की खुली चुनौती देती हैं, जिन्होंने उनके पापा को मारा है।

मेरे पिता एक फाइटर थे- श्रद्धा
Recommended Video
श्रद्धा बिंदरू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आतंकियों ने भले ही उनके पिता को मार दिया हो, लेकिन उनके विचार और उनकी आत्मा हमेशा जीवित रहेगी। श्रद्धा का कहना है कि उनके पिता एक फाइटर थे, जो हमेशा लोगों की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। श्रद्धा ने आतंकियों को चुनौति देते हुए कहा कि आप एक व्यक्ति को तो मार सकते हैं, लेकिन उसकी आत्मा को कैसे खत्म करोगे? जिसने भी मेरे पिता को गोली मारी है, वो मेरे सामने आकर दिखाए, मेरे पिता ने मुझे शिक्षा दी है, जबकि तुम्हें राजनेताओं ने बंदूकें और पत्थर दिए हैं।
'आतंकियों को सिर्फ गोली चलाना और पत्थर मारना ही आता है'
श्रद्धां बिंदरू ने कहा कि मैं एक हिंदू हूं और मैंने कुरान पड़ी है, कुरान में लिखा है कि ये जो शरीर है, वो एक चोला है, जब हम मरते हैं तो चोला चला जाता है, लेकिन वो जज्बा जिंदा रहता है, इसलिए मैं उन आतंकियों को कहना चाहती हूं कि हिम्मत है तो मेरे सामने आकर मुझसे बहस करो, जब एक शब्द नहीं बोल पाओगे, तुम्हें सिर्फ पत्थर मारना और गोली चलाना ही आता है। श्रद्धा ने कहा कि मैंने अपने पापा की मौत पर एक आंसू नहीं बहाया है, क्योंकि मैं उनकी शिक्षा को कमजोर नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि कश्मीर के अंदर राजनेता सिर्फ युवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।
माखन लाल बिंदरू को शहीद का दर्जा- श्रीनगर के मेयर
आपको बता दें कि मंगलवार को श्रीनगर के बांदीपोरा इलाके में आतंकियों ने कश्मीरी पंडित माखन लाल बिंदरू सहित तीन नागरिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। माखन लाल की इलाके में एक फार्मेसी थी। इस घटना के बाद श्रीनगर के मेयर जुनैद मट्टू ने फैसला किया है कि हाफ चिनार चौक से जहांगीर चौक (जहां बिंदरू फार्मेसी है) तक की सड़क का नाम शहीद माखन लाल बिंदरू रोड रखा जाएगा, जो समाज में उनके योगदान के लिए एक श्रद्धांजलि है।












Click it and Unblock the Notifications