जम्मू कश्मीर के डोडा में गहरी खाई में गिरी बस, अब तक 36 लोगों के शव निकाले गए, 19 घायल
Bus falls into gorge in doda: जम्मू कश्मीर से एक बहुत ही दुखद खबर आ रही है। यहां डोडा में एक बस करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें अभी तक 36 यात्रियों की मौत की सूचना है।
जानकारी के मुताबिक, ये बस किश्तवाड़ से जम्मू जा रही थी, तभी रास्ते में डोडा जिले के अस्सार इलाके में ट्रंगल के पास ड्राईवर ने नियंत्रण खो दिया और बस चेनाब नदी की गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

36 लोगों की मौत के अलावा 19 यात्रियों के घायल होने की भी खबर है। घायलों को इलाज के लिए अस्सार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मौके पर कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और इस बात की जांच की जा रही है कि हादसा किस वजह से हुआ। आपको बता दें कि अभी दो दिन पहले ही पुंछ सेक्टर में एलओसी के पास एक और भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें 10 लोग घायल हुए थे।
'घायलों के लिए की जा रही है हेलीकॉप्टर की व्यवस्था'
वहीं, हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि वो लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं और हर संभव मदद की जा रही है। जितेंद्र सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'अस्सार इलाके में बस हादसे की सूचना मिलते ही मैंने अभी-अभी जम्मू कश्मीर में डोडा के डीसी हरविंदर सिंह से बात की है। दुर्भाग्य से इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है। घायलों को इलाज की जरूरत के हिसाब से डोडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और किश्तवाड़ के जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। हादसे में घायल लोगों को तुरंत इलाज मिल सके, इसके लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जा रही है। जो भी संभव होगा, हर तरह की मदद केंद्र सरकार की तरफ से की जाएगी। मैं खुद भी अधिकारियों के संपर्क में हूं।'












Click it and Unblock the Notifications