कश्मीरी मुस्लिम लड़कियों पर 'विवादित टिप्पणी' करने वाले विक्रम रंधावा को BJP ने भेजा कारण बताओ नोटिस
जम्मू, नवंबर 02। जम्मू कश्मीर बीजेपी के वरिष्ठ नेता विक्रम रंधावा को पार्टी की तरफ से 'कारण बताओ नोटिस' जारी किया गया है। आपको बता दें कि उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने वालों को लेकर 'विवादित बयान' दिया था, जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई ने सोमवार को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके अलावा त्रिकुटा नगर थाने में विक्रम रंधावा के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रंधावा पर IPC की धारा 295-ए और 505 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

रंधावा का बयान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा- रविंद्र रैना
विक्रम रंधावा को भेजे गए कारण बताओ नोटिस को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा है कि रंधावा के द्वारा दिया गया बयान बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, उनकी टिप्पणी पूरी तरह से पार्टी के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है, जो सभी धर्मों का सम्मान करने में विश्वास करती है। रविंद्र रैना ने कहा, "वीडियो पार्टी के संज्ञान में आया और अनुशासन समिति ने उन्हें तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी किया, क्योंकि ऐसी भाषा बर्दाश्त नहीं की जा सकती।" रविंद्र रैना ने कहा कि विक्रम रंधावा को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी होगी या सख्त कार्रवाई के लिए तैयार होना होगा।

48 घंटे के अंदर विक्रम रंधावा को देना है जवाब
आपको बता दें कि विक्रम रंधावा को बीजेपी की अनुशासन समिति ने कारण बताओ नोटिस भेजा है। इस समिति की अध्यक्षता सुनील सेठी कर रहे हैं। समिति ने रंधावा को 48 घंटे के भीतर अपना जवाब दर्ज करने को कहा है। नोटिस में कहा गया है, "सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें आप एक खास समुदाय के खिलाफ बिल्कुल गैरजिम्मेदाराना और नफरत फैलाने वाली टिप्पणी करते दिख रहे हैं। यह पार्टी को अस्वीकार्य है और इससे पार्टी की बदनामी और शर्मिंदगी हुई है।"

क्या कहा था विक्रम रंधावा ने?
आपको बता दें कि विक्रम रंधावा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो टी20 वर्ल्ड कप में भारत की हार का और पाकिस्तान की जीत का जश्न मनाने वाले लोगों को लेकर कहते दिख रहे हैं कि 'ऐसे लोगों को मार-मार कर इनकी खाल उधेड़ देनी चाहिए'। विक्रम रंधावा इस वीडियो में कश्मीरी मुसलमानों के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। उन्होंने कहा कि घाटी में 20-22 साल की लड़कियों जो अभी ठीक से पैदा भी नहीं हुई हैं, उनकी रगों में पाकिस्तान का खून दौड़ रहा है, ऐसी लड़कियों को और उनके मां-बाप को सबक सिखाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications