Amarnath Yatra: कश्मीर में मौसम ने बदली करवट, अस्थायी रूप से रोकी गई अमरनाथ यात्रा
मानसून ने जम्मू-कश्मीर में भी दस्तक दे दी है, जिस वजह से वहां पर रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। इस बीच प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर अमरनाथ यात्रा को रोक दिया है। मौसम सही होते ही उसे फिर से शुरू किया जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक शुक्रवार सुबह एक जत्थे को बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना किया गया था, लेकिन मौसम खराब होने लगा। ऐसे में बाबा बर्फानी के भक्तों को रोक दिया गया। वहीं बालटाल और नुनवान में श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई है। उन्हें आगे जाने की इजाजत नहीं दी जा रही।

श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक अभी पवित्र गुफा की ओर किसी को जाने की अनुमति नहीं है। जिन श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर लिए थे, उनको नीचे भेजा जा रहा। मौसम सही होते ही यात्रा को फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
भक्तों में दिख रहा जोश
वहीं शिव भक्तों का जोश इस बार चरम पर है, जहां गुरुवार को 17202 यात्रियों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। वहीं 1 जुलाई को यात्रा शुरू हुई थी, तब से अब तक कुल 84768 भक्त बाबा के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।
तत्काल रजिस्ट्रेशन में भारी भीड़
नियम के मुताबिक यात्रा शुरू करने से पहले श्रद्धालुओं को रजिस्ट्रेशन करवाना रहता है। अगर कोई श्रद्धालु इससे चूक गया तो जम्मू रेलवे स्टेशन, सरस्वती धाम से तत्काल टोकन ले सकता है। अधिकारियों के मुताबिक भक्तों के जोश का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तत्काल रजिस्ट्रेशन में भारी भीड़ उमड़ रही।
वैष्णो देवी में हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित
वहीं दूसरी ओर माता वैष्णो देवी में भी बारिश की वजह से हेलीकॉप्टर सेवा प्रभावित हो रही। उड़ान कंपनी के मुताबिक बादल और बारिश की वजह से बीच-बीच में सेवा रोकनी पड़ रही, लेकिन हालात सामान्य होते ही उसे फिर से शुरू कर दिया जा रहा, ताकि भक्तों को दिक्कत ना हो।












Click it and Unblock the Notifications