PoK से भारत में घुसपैठ की तैयारी में करीब 300 आतंकवादी, अलर्ट पर सेना और BSF
लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के दूसरी ओर, पकिस्तान ऑक्यूपाइड कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी गतिविधियां तेज हैं। पीओके कश्मीर में स्थित लॉन्च पैड पर लगभग 250 से 300 आतंकवादी जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की फिराक में हैं।
शनिवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक शीर्ष अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी। न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के अनुसार अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बल सतर्क हैं और सीमा पार से किसी भी घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

बीएसएफ के महानिरीक्षक अशोक यादव ने दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में मीडिया से बात करते हुए कहा,"खुफिया जानकारी मिली है कि 250 से 300 आतंकवादी लॉन्च पैड पर घुसपैठ का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन हम और सेना सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़ी नजर बनाए हुए है और हम पूरी तरह सतर्क हैं।"
उन्होंने आगे कहा," बीएसएफ और सेना के बहादुर जवान सीमावर्ती इलाकों में सतर्क हैं और घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम कर देंगे।" यादव ने कहा, "हम घुसपैठ की किसी भी कोशिश को नाकाम करने को लेकर आश्वस्त हैं।"
बीएसएफ महानिरीक्षक ने बताया कि पिछले कुछ सालों में सुरक्षा बलों और कश्मीर के लोगों के बीच जुड़ाव बढ़ा है। उन्होंने कहा, "अगर लोग हमारा सहयोग करें तो हम विकासात्मक गतिविधियों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications