UP के Jalaun में हुई अनोखी शादी, डीजे की जगह राम चरित मानस का पाठ, दूल्हे ने तोड़ा धनुष फिर लिए सात फेरे
उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में की गई एक अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डीजे पर गाने की जगह रामचरितमानस का पाठ किए जाने वाली इस शादी का वीडियो देखने के बाद लोगों द्वारा जमकर तारीफ भी की जा रही है।

वर्तमान समय में शादियों में ग्रामीण क्षेत्रों में डीजे पर कुछ ऐसे भोजपुरी गाने बजते हैं, जिनको सुनकर शर्मिंदगी महसूस होती है। इन गानों पर नशे में धुत युवा एक दूसरे के संग खींचातानी करते हुए डांस करते नजर आते है। ऐसी स्थिति शहरों में भी देखने को मिलती है, जहां कानफाडू डीजे बजाते हुए बाराती दूल्हे को लेकर पहुंचते हैं। लेकिन इन सबके बीच उत्तर प्रदेश के Jalaun जिले में एक ऐसा विवाह संपन्न हुआ जो चर्चा में है। लोगों द्वारा इस विवाह के वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है और जमकर तारीफ की जा रही है।
Recommended Video

धनुष तोड़ने के बाद दूल्हे ने पहनाई वरमाला
दरअसल, हमीरपुर के रहने वाले संतराम वर्मा के बेटे आशुतोष की शादी जालौन जनपद के कदौरा नगर के निवासी कामता प्रसाद की बेटी पूनम के साथ तय हुई थी। कामता प्रसाद भाजपा के नेता हैं और अपनी बेटी पूनम की शादी को स्वयंवर की तरह रामचरितमानस के पाठ पर करने का उनका सपना था। शादी के दिन जब बारात पहुंची तो इस दौरान डीजे पर गाने नहीं बज रहे थे बल्कि रामचरित मानस की चौपाइयों का पाठ किया जा रहा था। स्टेज पर पहुंचने के बाद दूल्हे के हाथ में धनुष दे दी गई। धनुष तोड़ने के बाद दूल्हे आशुतोष और दुल्हन पूनम के द्वारा एक दूसरे के गले में माला पहनाई गई। इस दौरान भी मानस की चौपाइयों का पाठ होता रहा और वरमाला पहनाने के बाद ग्रामीणों द्वारा दूल्हा-दुल्हन के ऊपर पुष्प वर्षा की गई। देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि यह शादी किसी स्वयंबर से कम नहीं है।

ग्रामीण बोले, सीता स्वयंवर की आ गई याद
धूमधाम और हिंदू रीति रिवाज के साथ संपन्न हुई इस शादी को देखने वाले लोगों ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो भगवान श्री राम और मां सीता का स्वयंवर हो रहा है। आशुतोष द्वारा जब पूनम के गले में माला पहनाई जाती है तो इस दौरान वहां पर मौजूद लोग जय श्रीराम के नारे भी लगाते हैं। वहीं विवाह में मौजूद किसी शख्स द्वारा इसका वीडियो बना लिया गया। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति द्वारा उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। देखते ही देखते सोशल मीडिया के कई प्लेटफार्म पर लोगों द्वारा इस वीडियो को शेयर किया गया और इस तरीके से की गई शादी की लोगों द्वारा खूब सराहना की जा रही है।

माता-पिता ने कहा पूरा हुआ सपना
पूनम बेटी का विवाह संपन्न हो जाने के बाद उसके पिता कांता और माता सावित्री देवी का कहना है कि उन्होंने जैसे सोचा था उस तरीके से अपनी बेटी की शादी की। शादी को यादगार बनाने के लिए दूल्हा पक्ष के लोगों द्वारा भी काफी सहयोग किया गया। शादी संपन्न हो जाने पर पूनम के माता और पिता द्वारा बारात पक्ष के लोगों को भी धन्यवाद दिया गया। वहीं यह भी कहा गया कि रामचरितमानस की चौपाई का पाठ करते हुए विवाह को संपन्न कराया गया। प्रभु श्रीराम की कृपा से बेटी और दामाद के रिश्ते में आजीवन मधुरता बरकरार रहे।












Click it and Unblock the Notifications