Jalaun: आंधी आई छप्पर गिरा और मातम में बदल गईं ईद की खुशियां, माँ समेत 2 बच्चों की मौके पर मौत
फ़िलहाल पूरा देश ईद की खुशियां मना रहा है, लेकिन जालौन में एक परिवार ऐसा भी है जो ईद की तैयारियां करने के बाद भी ईद न मना सका। एक रात पहले ही एक हादसे ने माँ और उसके 2 बच्चों की जान ले ली।

उत्तर प्रदेश के जालौन में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे ईद की खुशियां मातम में बदल गईं। यहाँ कच्ची दीवार पर रखा छप्पर तेज हवा के कारण गिर पड़ा, जिसके नीचे दबकर माँ समेत उसके 2 बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक बुजुर्ग महिला गंभीर घायल हो गई। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से छप्पर में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि मृतिका अपने 2 बच्चों के साथ पिता के घर ईद मनाने आई थी।

पूरे परिवार ने की थी ईद की खरीदारी
बता दें कि घटना जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र मोहल्ला लहारियापुरवा की है। यहाँ के रहने वाले साबिर की बेटी साबिया अपने ढाई साल के बेटे शाहरुख़ और 6 महीने की बेटी अनाविया के साथ ईद मनाने के लिए मायके आई हुई थी। शुक्रवार को अलविदा जुम्मा की नमाज के बाद पूरे परिवार ने ईद की खरीदारी भी की। जिसके बाद देर रात ख़ुशी-ख़ुशी सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए। फिर रात करीब 2 बजे आंधी आई और कच्ची दीवार पर रखा छप्पर गिर गया।

आंधी आई और कच्ची दीवार पर रखा छप्पर गिर गया
छप्पर के ठीक नीचे चारपाई पर मृतक साबिया उसका बेटा शाहरुख़ और 6 महीने की बेटी अनाविया सो रहे थे। वहीं पास में एक बिस्तर पर साबिया की माँ नूरजहां भी सो रही थी। छप्पर इनके ऊपर आ गिरा और ये सभी उसके नीचे दब गए। छप्पर गिरने की आवाज सुनकर परिजन और अडोसी-पड़ोसियों ने दौड़कर सभी को छप्पर के नीचे से निकाला।

Recommended Video

माँ और 2 बच्चों की मौके पर मौत
जबतक उन्हें छप्पर से बाहर निकाला गया तबतक उसके नीचे दबी साबिया और उसके ढाई वर्षीय पुत्र शाहरुख़ और 6 माह की बेटी अनाविया की मौत हो गई थी। वहीं साबिया की बुजुर्ग माँ नूरजहां को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और देखते ही देखते घर की खुशियां मातम में बदल गईं।












Click it and Unblock the Notifications