जालंधर: तेंदुए ने घंटों मचाया आतंक, घरों में घुसकर लोगों पर करता रहा हमला, Video
Jalandhar news, जालंधर। पंजाब के जालंधर के लंबा पिंड इलाके में आतंक मचाने वाले तेंदुए को देर रात कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने दबोच लिया। जिससे इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। गुरुवार रात करीब 11 बजे उसे चंडीगढ़ के चिड़ियाघर में भेजा गया है। वहीं तेंदुए के हमले में घायल हुए पांच लोगों का इलाज चल रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह आदमखोर तेंदुए ने आतंक मचाकर लोगों को जख्मी किया।

पांच लोगों को किया जख्मी
दरअसल गुरुवार को जालंधर के लंबा पिंड इलाके में तेंदुआ घुस आया,जिससे लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही यहां बड़ी तादाद में लोग इसे काबू करने के लिये जमा हो गये लेकिन, तेंदुए ने लोगों को खूब छकाया। तेंदुआ अवारा कुत्तों को शिकार बना रहा था। पहले तो यहां खेत में काम कर रहे किसान ने उसे भगाने की कोशिश की लेकिन तेंदुआ एक व्यक्ति से भिड़ गया। उसके बाद लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो भारी भीड़ यहां जमा हो गई। तेंदुए का आतंक कई घंटों तक चला। तेंदुए ने पांच लोगों पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया।

एक के बाद एक घर में घुसकर किया हमला
भीड़ जमा होते देख तेंदुआ भी घबरा गया और वहां से भागकर दीवारों को फांदता हुआ एक पुराने घर में घुस गया। बाद में इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। ब्लॉक फारेस्ट अधिकारी जसवंत सिंह ने गन से बेहोशी के दो इंजेक्शन दागे जो तेंदुए को लगे। कुछ क्षण के लिए वह जाल में फंस गया, लेकिन लोगों का शोर सुन वह होश में आ गया। उसने फिर छलांग लगाई और दीवार पर चढ़कर गेट फांदता हुआ गली में चला गया। इस दौरान उसने जाल पकड़कर खड़े वन मुलाजिम प्रदीप कुमार व उसके सहयोगी रमेश कुमार को घायल कर दिया। इसके अलावा तेंदुए ने दो लोगों पर भी हमला किया। तेंदुए का आतंक यहीं नहीं खत्म हुआ इसके बाद वह गुरमेल सिंह के घर में घुस गया।

बेहोशी के इंजेक्शन दागे
लोगों ने शोर मचाया तो वह भागता हुआ प्राइमरी स्कूल के पास परमजीत पम्मा के घर जा घुसा। इस दौरान उसने एक और व्यक्ति को घायल कर दिया। आखिर रात को पहुंची छतबीड़ चिड़ियाघर की टीम ने उस पर बेहोशी का इंजेक्शन दागा। बेहोश होने पर गुरुवार देर रात 11 बजे उसे पकड़ लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications