पंजाबी गायक गुरदास मान को सता रहा गिरफ्तारी का डर, कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी
जालंधर। पंजाब के एक सिख गुरु पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर मुश्किल में फंसे पंजाबी गायक गुरदास मान पर केस दर्ज हो चुका है। गिरफ्तारी से बचने के लिए गुरदास ने सेशन कोर्ट जालंधर में अग्रिम जमानत याचिका दायर की, लेकिन कोर्ट ने आज उनकी याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद अब गुरदास मान गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रूख कर सकते हैं।

उधर, गुरदास के खिलाफ राज्य के कई हिस्सों में प्रदर्शन तेज हो गए हैं। डेरा बाबा मुराद शाह के गद्दीनशीन रहे लाडी शाह को श्री गुरु अमरदास जी का वंश बता दिए जाने के बाद से डेरे समर्थकों में गुरदास के खिलाफ गुस्सा भड़का हुआ है। वहीं, गुरदास के समर्थक भी गुरदास के पक्ष में सड़कों पर उतर पड़े हैं। हाल ही में गुरदास मान के समर्थकाें ने जालंधर-नकोदर हाईवे पर सिख जत्थेबंदियों के खिलाफ धरना दिया। उन्हाेंने मांग करते हुए कहा कि, गुरदास मान के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर रद्द कर दी जाए। गुरदास के समर्थकों का कहना है कि, एफआईआर रद्द नहीं की जा रही ताे केस दर्ज करवाने वालाें पर भी एफआईआर दर्ज की जाए।
डेरा समर्थकों का आरोप है कि सिख जत्थेबंदियों के कुछ सदस्यों ने डेरा प्रमुख लाडी साईं जी के खिलाफ अपशब्द कहे हैं। मालूम हो कि, पिछले महीने एक धार्मिक मेले के दौरान पंजाबी सिंगर गुरदास मान ने डेरा प्रमुख को सिख गुरु अमरदास का वशंज बता दिया था। इसी के बाद से वह सिख संगठनों के निशाने पर आ गए। हालांकि, उस दिन के अगले दिन ही गुरदाम मान ने वीडियो जारी करके माफी मांग ली थी।मगर, सिख संगठनों ने उसे नकार दिया। उन्होंने लगातार 4 दिन तक एसएसपी आफिस का घेराव करके गुरदास मान पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। बाद में पुलिस ने नकोदर थाने में गुरदास मान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए गुरदास मान ने कोर्ट का रूख किया। आज कोर्ट से उन्हें झटका लगा है।












Click it and Unblock the Notifications