Rajasthan में भाजपा कोर कमेटी की बैठक में शामिल नहीं हुई वसुंधरा राजे और ओम माथुर, जानिए वजह
राजस्थान में भाजपा गहलोत सरकार को पेपर लीक, कानून व्यवस्था और बिजली की उपलब्धता को लेकर घेरने की तैयारी में है। भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और ओम माथुर शामिल नहीं हुए।

Rajasthan में भाजपा आने वाले दिनों में पेपर लीक, बिगड़ती कानून व्यवस्था और बिजली की उपलब्धता जैसे मुद्दों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार को सड़क और सदन में घेरेगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में इन सभी मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में अगले दो-तीन महीने में किए जाने वाले धरने, प्रदर्शन तथा अन्य कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे आसींद
प्रदेश में 23 जनवरी को विधानसभा सत्र भी शुरू हो रहा है। ऐसे में दोनों बैठकों में सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई। यह वर्तमान सरकार का आखिरी बजट सत्र है। ऐसे में भाजपा विपक्ष के रूप में सरकार को घेरने में कोई मौका नहीं छोड़ेगी। कोर कमेटी मैं 28 जनवरी को भीलवाड़ा के आसींद में गुर्जर समाज के धार्मिक आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को देखते हुए उसकी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। कोर कमेटी में विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया से विधायकों के साथ मिलकर रणनीति बनाने को कहा गया है। आपको बता दें बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और ओम माथुर जयपुर से बाहर होने के कारण शामिल नहीं हो सके।

राष्ट्रीय कार्यसमिति में दिया प्रेजेंटेशन
बैठक के बाद प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि बैठक में जन आक्रोश यात्रा और जन आक्रोश सभा का प्रजेंटेशन दिया गया। यात्रा सफल रही और जनता में भयंकर आक्रोश है। उन्होंने कहा कि 28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान का दौरा प्रस्तावित है। इस पर भी चर्चा की गई। पार्टी के कार्यक्रमों की रूपरेखा को 16 और 17 को राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में रखा जाएगा। इसके बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी।

वसुंधरा राजे और ओम माथुर नहीं हुए शामिल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश भाजपा प्रभारी अरुण सिंह, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा प्रदेश सहप्रभारी विजया रहाटकर, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, सांसद कनकमल कटारा, राजेंद्र गहलोत और सीपी जोशी उपस्थित रहे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और ओम प्रकाश माथुर जयपुर से बाहर होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हुए।












Click it and Unblock the Notifications