केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जयपुर में : 4 राज्यों के CM, 3 केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल के साथ बैठक
जयपुर , 9 जुलाई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को जयपुर दौरे पर रहे। इस दौरान शाह रामबाग में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल हुए, जिसमें 4 राज्यों के मुख्यमंत्री और 3 केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल भी मौजूद थे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी हिस्सा लिया। शाह के जयपुर दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए गए। बैठक में आंतरिक सुरक्षा और उग्रवादी संगठनों की सक्रियता के साथ ही अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई बैठक
जयपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे और उत्तरी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए। प्रदेश में वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए राज्य सरकार ने 60 अधिकारीयों को प्रोटोकॉल अधिकारी के रूप में तैनात किया। इसके साथ ही 5 आईपीएस अधिकारी और 2000 पुलिस के जवान सुरक्षा बंदोबस्त के लिए लगाए गए। बैठक की शुरुआत में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 10 मिनट का स्वागत भाषण दिया।
बैठक में इन मुद्दों पर हुए चर्चा
क्षेत्रीय उत्तरी परिषद की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आंतरिक सुरक्षा को लेकर साइबर क्राइम में खतरे और उग्रपंथी संगठनों की गतिविधियों पर कंट्रोल करने में राज्यों के आपसी सहयोग और सक्रियता को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान पुलिस मॉडर्नाइजेशन, साइबर क्राइम, संगठित अपराधों को रोकने, सीमा पार आंतकवाद के खतरों के अलावा आंतरिक सुरक्षा से जुड़े हुए मुद्दों पर चर्चा की गई। लॉ एंड ऑर्डर के अलावा सीमा विवाद और तय एजेंडों पर मंथन किया गया।
पंजाब सीएम भगवंत मान भी आए
बैठक में राजस्थान सीएम अशोक गहलोत, पंजाब के सीएम भगवंत मान, हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर और जम्मू कश्मीर के LG मनोज सिन्हा, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, लद्दाख के लेफ्टिनेंट गवर्नर राधाकृष्ण माथुर शामिल हुए। बैठक में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी हिस्सा लिया।












Click it and Unblock the Notifications