जुड़वा भाइयों ने आखिरी सांस तक निभाया साथ, 'सूरज' की मौत की खबर मिलते ही 'चांद' ने भी छोड़ी दुनिया
एक साथ अलविदा कहने वाले जुड़वा भाई सूरज व चांद राजस्थान के जयपुर जिले के सावरदा के रहने वाले थे। दोनों की एक साथ मौत चर्चा का विषय बनी हुई है।

Real Life Karan-Arjun : राजस्थान के जयपुर जिले में जुड़वा भाइयों पर बनी फिल्म करण-अर्जुन जैसी कहानी असली जिंदगी में सामने आई है। यहां पर जुड़वा भाई की मौत के अगले दिन दूसरे भाई ने भी अलविदा कह दिया। 24 घंटे में जुड़वा भाइयों की मौत का यह मामला जयपुर जिले के सावरदा का है। सावरदा में सूरज व चांद नाम के दो जुड़वा भाइयों ने रविवार व सोमवार को 90 साल की उम्र में दुनिया छोड़ दी। दोनों भाइयों की एक साथ मौत सावरदा में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Recommended Video

जानकारी के अनुसार जयपुर जिले के मौजमाबाद के सावरदा में साल 1933 में दो जुड़वा बेटों का जन्म हुआ था। एक नाम सूरज और दूसरे का नाम चांद रखा गया। दोनों की कद- काठी, बोल-चाल, विचार और रहन-सहन एक जैसे थे। बॉलीवुड फिल्म करण अर्जुन आने के बाद तो ग्रामीण इन्हें रियल लाइफ करण अर्जुन भी कहने लगे थे।
मीडिया से बातचीत में ग्रामीण तो यहां तक दावा करते थे कि दोनों में से एक भाई बीमार पड़ जाता था तो दूसरा भी कुछ ही घंटों बाद बीमार हो जाता था। दोनों भाइयों में स्नेह भी खूब था। दोनों की खान-पान की पसंद भी एक जैसी थी।
सावरदा के इन सगे भाइयों सूरज व चांद की शादी भी एक साथ एक ही घर में हुई थी। इनकी जयपुर के हरमाड़ा की दो सगी बहनों के साथ हुई। सूरज के तीन बेटे व चांद के आठ बेटे हुए।
बड़े भाई सूरज की बीमारी के चलते रविवार शाम करीब पांच बजे मौत हो गई थी। परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार किया। बडे़ भाई की मौत का सदमा छोटा भाई चांद सहन नहीं कर पाया और सोमवार सुबह पांच उन्होंने भी दुनिया को अलविदा कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications