महिला बाल विकास मंत्री ममता भूपेश की सभा में लगे पायलट जिंदाबाद के नारे, जानिए पूरा वाकया
जयपुर, 4 सितम्बर। राजस्थान में गहलोत और पायलट समर्थकों के बीच खींचतान फिर शुरू हो गई है। प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश को पायलट समर्थकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। जिसकी वजह से मंत्री को जल्द अपना भाषण खत्म करना पड़ा। मंत्री ममता भूपेश दौसा जिले के निहालपुरा गांव में देवनारायण जयंती के अवसर पर आयोजित मेले में शामिल हुई। इस दौरान पायलट समर्थकों ने सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। जैसे ही मंत्री मंच पर संबोधन के लिए आई। पायलट समर्थकों ने हूंटिंग करना शुरू कर दिया। जिसकी वजह से मंत्री ममता भूपेश को जल्द ही अपना भाषण खत्म करना पड़ा। माहौल बिगड़ने की आशंका पर मंत्री ममता भूपेश ने तय समय से पहले ही अपना भाषण खत्म कर दिया।

बीच में खत्म करना पड़ा भाषण
समारोह में जबरदस्त नारेबाजी और शोर शराबे की वजह से मंत्री ममता भूपेश अपना संबोधन ठीक तरीके से नहीं दे पाईं। आनन-फानन में अपना संबोधन खत्म किया। उसके बाद मंत्री ममता भूपेश मंच से उतरकर अपनी गाड़ी में बैठने के लिए गई तब भी अफरा तफरी का माहौल नजर आया। मंत्री जब जाने लगी तो भीड़ उनके खिलाफ और पायलट के पक्ष में नारेबाजी करती हुई उनके पीछे चलने लगी। वहां मौजूद कुछ लोग नारेबाजी कर रही भीड़ को शांत कराने की कोशिश भी की गई। लेकिन उन पर इसका कोई असर नहीं हुआ। सुरक्षाकर्मियों ने मंत्री ममता भूपेश को जैसे-तैसे करके उनकी गाड़ी तक सुरक्षित रूप से पहुंचाया। महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश सीएम गहलोत समर्थक मानी जाती है। साल 2020 में पायलट गुट की बगावत के समय ममता भूपेश ने सीएम अशोक गहलोत का साथ दिया था।
पायलट खेमे से उठने लगी आवाज
टोंक जिले में पायलट समर्थक विधायक इंद्राज गुर्जर ने शनिवार को गहलोत समर्थक गुर्जर समाज के विधायकों को गद्दार बताया था। उन्होंने गहलोत समर्थक गुर्जर विधायकों को चुनाव में देख लेने की धमकी तक दे डाली। हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन उनका इशारा खेलमंत्री अशोक चांदना और विधायक जितेंद्र सिंह की तरफ माना जा रहा है। इससे पहले पायलट समर्थक विधायक वेदप्रकाश सोलंकी ने बगावती तेवर दिखाए थे। राजस्थान की राजनीती में कांग्रेस आलाकमान के हस्तक्षेप से भले ही गहलोत और पायलट गुट में सुलह हो गई हो। लेकिन खटास बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications