ड्रग इंस्पेक्टर Sindhu Kumari ₹ 5 हजार की घूस लेते पकड़ी गई, ACB से बोलीं-'रुपए ऊपर तक देने होते हैं'
जयपुर, 5 मार्च। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को ड्रग इंस्पेक्टर सिंधु कुमारी को पांच हजार रुपए की घूस लेते गिरफ्तार किया है। सिंधु कुमारी ने यह राशि मेडिकल स्टोर के निरीक्षण में कमियां नहीं निकालने की एवज में ली थी।

साहब रुपए तो ऊपर तक देने होते हैं
जब एसीबी ने सिंधु को पकड़ा तो वह बोली-'साहब! रुपए तो ऊपर तक देने होते हैं। नहीं तो तबादला बीकानेर जैसे जिले में कर दिया जाता है।' पूछताछ में सिंधु ने असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर तक रिश्वत की राशि को पहुंचाना कबूल किया है। जांच में पुष्टि हुई तो एसीबी उन्हें भी गिरफ्तार कर सकती है।

तबादले की धमकी दी थी
सिंधु ने बताया कि रुपए नहीं देने की एवज में अफसरों ने बजट सत्र पूरा होने के बाद उसके तबादले की धमकी दी थी। वह दुकानदारों पर दबाव बना रही थी। एसीबी के एडिशनल एसपी बजरंग सिंह ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक ने दस दिन पहले एसीबी में शिकायत देकर बताया कि मूलत: बिहार व हाल अनुकंपा प्लेटिनी मुहाना में रहने वाली सिंधु कुमारी हर छोटे काम के लिए घूस मांगती है।

ट्रांसफर और इंस्पेक्शन के भी रुपए देने पड़ते थे
दरअसल, दुकान में किसी कर्मचारी की नई नियुक्ति करनी है तो उसकी जानकारी विभाग को देनी होती है। इसके एववज में भी सिंधु रिश्वत लेती थी। इसके अलावा दस्तावेज का ट्रांसफर और इंस्पेक्शन के भी रुपए देने पड़ते थे।

पांच सौ दुकानों के निरीक्षण की जिम्मेदारी
सिंधु के पास पांच सौ दुकानों के निरीक्षण की जिम्मेदारी है। इंस्पेक्शन के लिए तो हर दुकानदार से पांच हजार रुपए लेती थी। जब उससे दस हजार रुपए मांग तो पीड़ित ने इसका विरोध किया। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर ने कहा कि दुकान अच्छी चलती है। इसलिए घूस भी ज्यादा देनी पड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications