भाजपा में सचिन पायलट की एंट्री तो नहीं चाहते सतीश पूनिया, सियासी घमासान के बीच दिल्ली दौरे की चर्चा
जयपुर, 28 सितंबर। राजस्थान की सियासत में चल रहे घमासान के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के दिल्ली दौरे को लेकर सियासी गलियारों में चर्चा है। पूनिया के दिल्ली दौरे को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं पूनिया कांग्रेस नेता सचिन पायलट कि भाजपा में एंट्री कराने के लिए दिल्ली दौरे पर तो नहीं गए हैं। इस बीच सतीश पूनिया ने दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। उधर दिल्ली में सचिन पायलट के करीबी नेताओं के भाजपा से संपर्क में होने की खबर भी आ रही है।


प्रदेशाध्यक्ष पद को लेकर सियासी चर्चा
प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में सतीश पूनिया के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर सियासत चर्चाओं का दौर जारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर सतीश पूनिया का कार्यकाल पूरा हो चुका है। पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नया चेहरा तलाश रही है। राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। सतीश पूनिया विधानसभा चुनाव तक पार्टी के अध्यक्ष बने रहना चाहते हैं। इसे लेकर पूनिया अपनी इच्छा भी जाहिर कर चुके हैं। सतीश पूनिया के दिल्ली दौरे को अध्यक्ष पद से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

सचिन पायलट के समर्थक दिल्ली में भाजपा के संपर्क में
राजस्थान कांग्रेस में चल रहे सियासी घटनाक्रम के बीच दिल्ली से खबर आ रही है कि पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के कुछ समर्थक नेता दिल्ली में भाजपा के संपर्क में है। माना जा रहा है कि राजस्थान में पिछले दिनों जो सियासी घटनाक्रम घटित हुआ है। उसके बाद सचिन पायलट के मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद कमजोर हो गई है। पार्टी भले ही पायलट को प्रदेश अध्यक्ष बना दे। लेकिन पायलट इस पद के लिए कम इच्छुक माने जा रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में इस बात की भी चर्चा है कि सचिन पायलट किसी भी समय भाजपा में शामिल हो सकते हैं। दिल्ली में उनके कुछ समर्थक नेता भाजपा से लगातार संपर्क में है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 सितंबर को आएंगे राजस्थान
पीएम मोदी 30 सितंबर को राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। यहां मोदी अंबाजी में करीब 7 हजार करोड़ से ज्यादा की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन करेंगे। सिरोही जिले के मानपुर में पीएम मोदी का स्वागत का कार्यक्रम रखा गया है। यहां पीएम सभा को भी संबोधित करेंगे। वही अंबाजी से आबू रोड तक स्वीकृत की गई रेलवे लाइन का उद्घाटन भी करेंगे। भाजपा मोदी के दौरे को बड़ा रूप देना चाहती है। प्रदेश इकाई तैयारियों में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications