राजस्थान ऑडियो कांड : SOG ने संजय जैन को किया गिरफ्तार, नेताओं से सांठगांठ में एक्सपर्ट है यह व्यवसायी
जयपुर। राजस्थान के राजनीतिक संकट में ऑडियो कांड से जुड़े संजय जैन को एसओजी ने शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। जयपुर के इस होटल व्यवसायी संजय जैन पर अशोक गहलोत की सरकार गिराने की साजिश रचे जाने का आरोप है, जिसका एक ऑडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

बीकानेर का रहने वाला है संजय जैन
बता दें कि संजय जैन राजस्थान के बीकानेर के लूणकरणसर का रहने वाला है। करीब दो दशक पहले जयपुर की राजनीति में सक्रिय हुआ था। कहने को पार्टनरशिप में होटल का धंधा करने वाले संजय जैन के परिजन हालांकि किसी भी कारोबार से उसके जुड़ाव की जानकारी से इनकार कर रहे हैं, लेकिन कहा जा रहा है कि होटल व्यवसाय से जुड़े होने के कारण जैन के संपर्क कई नेताओं के साथ ही आईएएस और आईपीएस अधिकारियों से हो गए।

भाजपा नेता ने दी सफाई
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार संजय को राजनीतिक रसूख वाले लोगों और अधिकारियों से निकट संबंध बनाने में माहिर माना जाता है। संजय जैन की गिरफ्तारी के बाद विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मानिक चंद सुराणा ने इसको लेकर सफाई दी है। सुराणा की ओर से सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि पूर्व वित्त मंत्री का संजय जैन से कोई लेना-देना नहीं है। न तो उन्हें इस प्रकरण की पूरी जानकारी है और ना ही उनके संजय जैन से किसी प्रकार के ताल्लुकात हैं।

कांग्रेस नेता ने दर्ज करवाई थी शिकायत
गौरतलब है कि ऑडियो वायरल होने के बाद से राजनीति में भूचाल आया हुआ है। कांग्रेस नेता महेश शर्मा ने संजय जैन ऊर्फ संजय बरड़िया के साथ ही केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ भी शिकायत दर्ज कराई थी। वायरल ऑडियो में संजय और गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ कांग्रेस विधायक भंवरलाल शर्मा की बातचीत होने का दावा किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications