Student Union Election 2022 : : कोटा में हंगामे के बीच वोटिंग, बीकानेर में स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज
जयपुर, 26 अगस्त। राजस्थान छात्रसंघ चुनाव 2022 में शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान हुआ है। भरतपुर समेत कई जगहों से प्रत्याशियों द्वारा पैर पकड़कर वोट मांगने की खबरें आई हैं। कोटा में वोटिंग के बीच हंगामा हुआ है। बीकानेर में पुलिस को स्टूडेंट्स पर लाठीचार्ज करना पड़ा है। वहीं, जोधपुर में फर्जी मतदान की आशंका है। राजस्थान में कोरोना महामारी के चलते दो साल बाद राजस्थान छात्रसंघ चुनाव हो रहे हैं।

विश्वविद्यालयों के नतीजों पर खास नजर
छात्रसंघ चुनाव 2022 में राजस्थान यूनिवर्सिटी जयपुर, जय नारायण व्यास यूनिवर्सिटी जोधपुर, महाराजा गंगासिंह यूनिवर्सिटी बीकानेर, कोटा यूनिवर्सिटी और मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी उदयपुर के नतीजों पर राजनीतिक पार्टियों की भी नजर है। कई युवा नेताओं की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक वोटिंग हुई है। शनिवार सुबह 8 बजे से काउंटिंग होगी।

जयपुर में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त
मीडिया से बातचीत में जयपुर के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर कैलाशचंद्र विश्नोई ने बताया कि राजधानी में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन के दौरान हुई झड़प को देखते हुए करीब डेढ़ हजार से ज्यादा पुलिस अफसर व जवान जयपुर यूनिवर्सिटी कैंपस, संघटक व संबद्ध कॉलेजों के आसपास ड्यूटी तैनात किए हैं। छात्रसंघ चुनाव में पहली बार ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जा रही है। वोटिंग के दौरान बाहरी युवकों के अनाधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए चुनाव से पहले हॉस्टलों की चेकिंग की भी गई है। महिला कॉलेजों में महिला अफसरों व निर्भया स्क्वायड की टीम तैनात है। आरक्षित रूप से भी फोर्स बुलाई गई है।

छात्रसंघ चुनाव जयपुर
राजस्थान यूनिवर्सिटी में अध्यक्ष पद के लिए 6 दावेदारों के बीच कड़ी टक्कर है। यहां 20 हजार से ज्यादा वोटर 37वां अध्यक्ष चुनेंगे। यूनिवर्सिटी में सुबह 12 बजे तक काफी कम 22% के करीब मतदान हुआ है। महाराजा कॉलेज में करीब 44% ने वोट डाले।

छात्रसंघ चुनाव बीकानेर
इधर, बीकानेर के डूंगर कॉलेज में मतदान शुरू होने के साथ ही स्टूडेंट्स और पुलिस के बीच झड़प हो गई। स्टूडेंट्स का आरोप है कि कुछ चहेते छात्र नेताओं को अंदर प्रवेश किया जा रहा है, जबकि अन्य को रोका जा रहा है। इसके खिलाफ स्टूडेंट्स का एक गुट प्रदर्शन कर रहा था। भीड़ ज्यादा होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके वहां से खदेड़ दिया है।

छात्रसंघ चुनाव जोधपुर
जोधपुर में भी छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुए हैं। यहां पर फर्जी मतदान के शक में एक युवक को पकड़ा है। जोधपुर के ओल्ड कैंपस में एंट्री के दौरान जब चैकिंग की तो स्टूडेंट के फर्जी होने पर शक हुआ। कॉलेज मैनेजमेंट ने पकड़कर उसे बाहर किया और पुलिस को सौंप दिया। रातानाड़ा पुलिस ने हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां युवक से पूछताछ की जा रही है।

छात्रसंघ चुनाव कोटा
कोटा में छात्रसंघ चुनाव की वोटिंग के दौरान हंगामा हुआ है। स्टूडेंट ने बाइक उठाकर प्रदर्शन किया। इससे पहले कोटा से एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें छात्रसंघ चुनाव में छात्रों को लुभाने लिए डांसर बुलाई गईं। यह पार्टी महर्षि दाधीच गार्डन में भी आयोजित की गई। जहां पर बाहर से नृत्यागंना बुलाई गई। छात्रों के बीच लड़कियों ने तीन घंटे से ज्यादा समय तक डांस किया।












Click it and Unblock the Notifications