Rajasthan News: राजस्थान में मंत्रिमंडल गठन में वसुंधरा राजे समर्थकों को लेकर फंसा पेंच, मोदी-शाह करेंगे चर्चा
Rajasthan News: राजस्थान में विधानसभा का विशेष सत्र चल रहा है। इसी बीच प्रदेश के मंत्रिमंडल गठन में वसुंधरा राजे समर्थकों को लेकर पेंच फंस गया है। खबर है कि गृहमंत्री अमित शाह अब पीएम मोदी से चर्चा करने के बाद मंत्रिमंडल तय करेंगे। चर्चा है कि मंत्रिमंडल को लेकर फाइनल लिस्ट तैयार कर ली गई है। मंत्रिमंडल में 25 से 27 विधायकों को जगह दी जा सकती है। ऐसे में मंत्रिमंडल में वसुंधरा राजे के समर्थक विधायकों को जगह दी जाए या नहीं। इसे लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। राजनीति के जानकारों की मानें तो देश में कुछ महीनों बाद लोकसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी वसुंधरा राजे को दरकिनार कर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। जानकार कहते हैं कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जातीय और क्षेत्र के समीकरणों के आधार पर राजे समर्थक विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।
वसुंधरा राजे के समर्थकों को लेकर संशय बरकरार
राजस्थान के मंत्रिमंडल के गठन में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के समर्थकों को लेकर संशय बना हुआ है। पार्टी चाहती है कि वह लोकसभा चुनाव में सक्रिय होकर भूमिका निभाए। पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के बड़े नेताओं का भी मानना है कि वसुंधरा राजे को पूरी तरह साइडलाइन नहीं किया जा सकता है। उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाया। यह अलग बात हो सकती है। लेकिन उनके समर्थक नेता जो वरिष्ठ और अनुभवी है। उन्हें मंत्रिमंडल में मौका दिया जाना चाहिए। जबकि प्रदेश के नेताओं का एक गुट चाहता है कि वसुंधरा राजे को पूरी तरह दरकिनार कर दिया जाए। अब राजस्थान में वसुंधरा राजे की कोई जरूरत नहीं है। चर्चा है कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी वसुंधरा राजे से जुड़े कुछ वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है।

विधानसभा में विधायकों का शपथ ग्रहण
इधर राजस्थान में विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र आहूत किया गया है। प्रोटेम स्पीकर कालीचरण सराफ नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलवा रहे हैं। कल विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होना है। माना जा रहा है कि विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए अजमेर उत्तर से विधायक वासुदेव देवनानी को चुन लिया जाएगा। चर्चा है कि राजस्थान में मंत्रिमंडल का गठन विधानसभा सत्र के बाद ही होगा।












Click it and Unblock the Notifications