Rajasthan News : पीएम मोदी का राजस्थान दौरा, नाथद्वारा पहुंचकर किए श्रीनाथ जी के दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान के दौरे पर हैं। विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी के दौरे को बड़ा अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी ने नाथद्वारा पहुंचकर श्रीनाथ जी के दर्शन कर पूजा अर्चना की।

Rajasthan News : देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर हैं। पीएम मोदी अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक नाथद्वारा पहुंचे। यहां हेलीपैड पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राज्यपाल कलराज मिश्र और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो करते हुए श्रीनाथजी के दर्शन करने के लिए मंदिर पहुंचे। पीएम मोदी के रास्ते में बड़ी तादाद में लोगों ने उनकी गाड़ी पर फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने श्रीनाथजी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मंदिर समिति से जुड़े अधिकारियों ने पीएम मोदी के श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन करने पर शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। आपको बता दें पीएम मोदी यहाँ 5500 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।
नाथद्वारा में जनसभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
राजस्थान में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कर्नाटक चुनाव के बीच पीएम मोदी के राजस्थान दौरे को बड़ा अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी प्रदेश में 5500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। मोदी यहां दामोदर स्टेडियम में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी मावली-मारवाड़ ब्रॉडगेज प्रोजेक्ट का भी शिलान्यास करेंगे। यह लाइन अभी मीटर गेज है। इसके पहले चरण में नाथद्वारा से देवगढ़ 82 किलोमीटर की रेलवे लाइन को अपग्रेड किया जाएगा। इसके बाद पीएम मोदी आबू रोड़ के लिए रवाना होंगे।
आबू रोड़ में करेंगे तीन परियोजनाओं का शिलान्यास
नाथद्वारा से पीएम मोदी दोपहर करीब 3 बजे आबूरोड के ब्रह्मकुमारी संस्थान जाएंगे। यहां उनके एक घंटे तक रुकने का कार्यक्रम बताया जा रहा है। पीएम मोदी आबू रोड़ की तलहटी में बने शांतिवन जाएंगे। यहां डायमंड हॉल में सभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी 3 प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे। जिसमें मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, सीनियर सिटीजन होम के सैकंड फेज और नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास करेंगे। यह मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल 50 एकड़ में बनेगा। जिसका काम 2 साल में पूरा होगा। पीएम मोदी आबू रोड़ में बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी पीएम मोदी के साथ मौजूद रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications