Rajasthan News : हृदय रोग से ग्रसित बच्चों की हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप संपन्न, 486 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच
राजस्थान में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल हैल्थ टीमों द्वारा चिन्हित किए गए हृदय रोग से ग्रसित बच्चों की जांच के लिए दो-दिवसीय स्क्रिनिंग कैम्प का समापन हुआ।

Rajasthan News : राजस्थान में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल हैल्थ टीमों द्वारा चिन्हित किए गए हृदय रोग से ग्रसित बच्चों की राज्यस्तर पर हैल्थ जांच करने के लिए सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल, गुजरात द्वारा आयोजित किए दो-दिवसीय स्क्रिनिंग कैम्प का रविवार को समापन हुआ। जयपुर में महावीर मार्ग, सी-स्कीम स्थित महावीर कॉलेज में आयोजित हुए इस कैम्प में 486 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई एवं इनमें से 324 बच्चों को हार्ट सर्जरी के लिए चयनित किया गया है। प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, विधायक रघु शर्मा, मिशन निदेशक एनएचएम सुधीर कुमार शर्मा व संबंधित अधिकारीगण ने रविवार को कैम्प स्थल पर पहुंचकर कैम्प गतिविधियों का अवलोकन किया। मिशन निदेशक एनएचएम ने बताया कि एनएचएम राजस्थान द्वारा आरबीएसके कार्यक्रम के अन्तर्गत मोबाइल टीमो द्वारा प्रदेशभर से चुने गए और राज्यस्तर पर स्क्रीनिंग हेतु पंजीकृत हुए हार्ट सम्बंधित रोग से ग्रषित 486 बच्चों में से 324 बच्चों का सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल, गुजरात के द्वारा निशुल्क सर्जरी-उपचार किया जाएगा और 162 बच्चों को आवश्यक उपचार निशुल्क किया जाएगा। शर्मा ने बताया कि एनएचएम के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की मोबाइल हैल्थ टीमों द्वारा प्रदेश के राजकीय स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर जन्म से 19 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच में लगभग 500 बच्चे हृदय संबंधित विभिन्न समस्याओं से ग्रसित चिह्नित किए गए हैं। जिनकी राज्य स्तर पर पुनः गहन जांच कर आवश्यक उपचार व परामर्श सेवाएं उपलब्ध करवायी जा रही हैं। आपरेशन जरूरी बच्चों का निशुल्क आपरेशन कर नवजीवन दिया जाएगा।
आयोजनकर्ताओं का जताया आभार
शर्मा ने दो-दिवसीय राज्यस्तरीय हेल्थ स्क्रीनिंग कैम्प आयोजन के लिए सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल, गुजरात के पदाधिकारियों, चिकित्सगणों, स्वास्थ्यकर्मियों और कैम्प में खानपान व अन्य सुविधाओं में सहयोग करने वालों का धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने विभिन्न जिलों से 47 वातानुकूलित वाहनों में सुदूर ग्राम-ढाणियों के लाभार्थी बच्चों व उनके परिजनों सहित अन्य सहयोगियों को जयपुर तक लाने व वापस उनके गंतव्य तक पहुचाने की बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन एवं जिलों के चिकित्सा अधिकारियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया है।












Click it and Unblock the Notifications