Rajasthan News : अमित शाह के भरतपुर दौरे के बाद सक्रिय हुई पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, जानिए पूरी वजह
राजस्थान में केंद्रीय मंत्री अमित शाह के भरतपुर दौरे के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पूरी तरह सक्रीय हो गई है। राजे ने गुवाहाटी पहुंचकर असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात की है।

Rajasthan News : राजस्थान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भरतपुर दौरे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की सक्रियता बढ़ गई है। इससे पार्टी के भीतर प्रदेश नेतृत्व को लेकर जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं में चल रही आशंका के बादल छंटने लगे हैं। राजनीति के जानकारों की मानें तो प्रदेश में पार्टी के अध्यक्ष पद से सतीश पूनिया को हटाए जाने और अमित शाह के भरतपुर दौरे के बाद से भाजपा में नए समीकरण बन रहे हैं। भरतपुर से लौटने के बाद पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने जयपुर में बम ब्लास्ट के पीड़ितों से मुलाकात की और उनको न्याय दिलाने के लिए चांदपोल हनुमान मंदिर में 80 न्यायदीप जलाकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। वसुंधरा राजे इसके बाद गुवाहाटी पहुंची। यहां उन्होंने असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से मुलाकात की। इसके बाद वसुंधरा राजे ने गुवाहाटी में प्रवासी राजस्थानियों से भी मुलाकात की। प्रदेश की सियासत में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और असम के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की मुलाकात को लेकर चर्चा है।
गहलोत सरकार पर जमकर बरसी वसुंधरा
भरतपुर में पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गहलोत सरकार पर जमकर बरसी। वसुंधरा राजे ने कहा कि सीएम गहलोत की पार्टी के विधायक और मंत्री उनके खिलाफ हैं। गहलोत सरकार ने ऊंचाइयां तो नापी है। लेकिन विकास में नहीं, महिला अत्याचार, दलित अत्याचार, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और साम्प्रदायिक उन्माद में, करौली के दंगों का खोफ आज भी प्रदेश में है। पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे ने कहा की हमारी भाजपा सरकार ने प्रदेश के 13 जिलों के लिए ईआरसीपी का काम शुरू किया था। सीएम गहलोत की दृढ़ इच्छा शक्ति की कमी के कारण इन जिलों की लाइफ़ लाइन अटक गई है। सीएम गहलोत ने 2008 और 2018 में जोड़ तोड़ की सरकार बनाई थी। जो आज भी अल्पमत में है।
भरतपुर में वसुंधरा राजे को तरजीह
पार्टी सूत्रों की मानें तो अपने भरतपुर दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने वसुंधरा राजे को पूरी तरजीह दी थी। अमित शाह के कार्यालय से फोन कर वसुंधरा राजे को भरतपुर आमंत्रित किया गया था। अमित शाह जब हैलीकॉप्टर से उतरे तो उन्होंने पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को अपनी कार से सभा स्थल तक लेकर गए। इसके साथ ही शाह ने लोकसभा प्रभारियों की बैठक में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रभारी अरुण सिंह, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर और प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को अपने साथ मौजूद रखा। राजनीति के जानकारों की मानें तो भरतपुर दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह द्वारा वसुंधरा राजे को तरजीह देने से राजे के पक्ष में सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। जानकार बताते हैं कि आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका फायदा बीजेपी और वसुंधरा राजे दोनों को होगा।












Click it and Unblock the Notifications