Rajasthan News: राजस्थान में मंत्रिमंडल गठन को लेकर इन नामों पर बनी सहमति, जानिए जातीय समीकरण
Rajasthan News: राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार के मंत्रिमंडल पर सहमति बन गई है। दिल्ली में रविवार शाम भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर मंत्रिमंडल को लेकर बैठक हुई। बैठक में पहले चरण में तकरीबन 15 मंत्री बनाए जाने पर सहमति बनी है। प्रदेश के नए मंत्रियों को गुरुवार तक शपथ दिलवाई जाएगी। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बेरवा, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, राजेंद्र राठौड़, सतीश पूनिया, कैलाश चौधरी सहित अन्य नेता मौजूद थे।
जातीय समीकरण पर मंत्रिमंडल के चेहरे
बैठक में मंत्रियों को लेकर सभी नेताओं से राय मशवरा किया गया है। इसके बाद मंत्रिमंडल पर सहमति बन पाई है। पार्टी सूत्रों की माने तो मंत्रिमंडल में नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। मंत्रिमंडल में दो से तीन जाट विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। इसके साथ ही एक गुर्जर, दो राजपूत, दो ब्राह्मण, दो एससी और एसटी, एक वैश्य और दो ओबीसी चेहरों को जगह मिल सकती है। सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल में किरोड़ी लाल मीणा को अहम मंत्रालय दिया जा सकता है।

इन जातियों से जीते इतने विधायक
राजस्थान में विधानसभा चुनाव पूरी तरह जातीय समीकरण पर आधारित रहा है। ऐसे में मंत्रिमंडल में भाजपा जातीय समीकरणों को साधती है या नहीं। इसका पता गठन के बाद ही चल पाएगा। लेकिन चर्चा है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी मंत्रिमंडल में जातीय समीकरणों पर फोकस करेगी। प्रदेश में भाजपा के राजपूत समाज के 16 विधायक चुनाव जीतकर आए हैं। वहीं जाट समुदाय के 13 विधायक चुनाव जीते हैं। ब्राह्मण समुदाय के 10 विधायक चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। राजस्थान में इस बार भाजपा से पांच गुर्जर नेता विधायक चुनकर आए हैं। ऐसे में पार्टी के सामने जातीय समीकरणों के हिसाब से मंत्रिमंडल का गठन करना किसी चुनौती से कम नहीं होगा।
युवा और नए चेहरों को मिलेगा मौका
राजस्थान में मंत्रिमंडल के गठन को लेकर बैठक के दौरान यह तो साफ हो गया है कि युवा और नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स में राजस्थान के मंत्रिमंडल गठन में कुछ ऐसे नामों को लेकर चर्चा की गई है। जिन्हें मंत्री बनाए जा सकता है। इनमें सुमित गोदारा, कन्हैया लाल चौधरी, डॉ.शैलेश सिंह, नोक्षम चौधरी, मदन दिलावर, डॉ. किरोडी लाल मीणा, रामविलास मीणा, ललित मीणा, शत्रुघ्न गौतम, संजय शर्मा, ताराचंद सारस्वत, संदीप शर्मा, गौतम दक्ष, जयदीप बियानी, जवाहर बेड़म, हंसराज, उदय लाल भडाणा को मंत्री बनाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications