नए साल का तोहफा : राजस्थान में 50 हजार निजी स्कूलों को बड़ी राहत, RTE के 34 करोड़ रुपए जारी
जयपुर। नए साल 2021 के तोहफे के रूप में राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने प्रदेश के 50 हजार निजी स्कूलों को बड़ी राहत प्रदान की है। राजस्थान सरकार ने शिक्षा का अधिकार (RTE) की बकाया करीब 34 करोड़ की राशि जारी की है। सरकार के इस फैसले से करीब 29 करोड़ रुपए माध्यमिक स्कूलों और 6 करोड़ रुपए प्राथमिक स्तर के स्कूलों को मिलेंगे।

आरटीई के तहत 50 हजार स्कूलों के लिए 34 करोड़ रुपए जारी करने पर निजी स्कूल शिक्षा परिवार की ओर से राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व राजस्थान शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा का आभार जताया गया।
मीडिया से बातचीत में स्कूल शिक्षा परिवार के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि अकेले जयपुर में करीब 100 करोड़ रुपए की राशि बकाया है। ऐसे में माध्यमिक और प्राइमरी स्कूलों में 40-40 करोड़ रुपए की राशि जारी होनी चाहिए। साथ ही यदि पूरे प्रदेश की निजी स्कूलों में करीब 200 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत होती तो निजी स्कूलों को काफी राहत मिलती।
बता दें कि राजस्थान में पिछले 3 साल में आरटीई के अन्तर्गत करीब 800 करोड़ रुपए की राशि बकाया चल रही है। सोमवार को RTE की बकाया राशि के भुगतान की मांग को लेकर प्रदेश के करीब सभी जिलों में स्कूल शिक्षा परिवार की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के महज 24 घंटे के अंदर ही सरकार की ओर से राशि जारी कर दी गई।












Click it and Unblock the Notifications