राजस्थान: एक और पुलिसकर्मी व 11 माह की बच्ची पॉजिटिव, कुल कोरोना मरीज हुए 579
जयपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अब एक और पुलिसकर्मी व 11 माह की बच्ची भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। 11 अप्रैल को सुबह सात बजे जारी स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पूरे प्रदेश में अब तक 579 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। सबसे ज्यादा खराब स्थिति राजधानी जयपुर की है। यहां के हॉटस्पॉट रामगंज के बाद अब कोरोना राजापार्क समेत इलाकों में भी फैलने लगा है।

एक दिन में 18 नए मामले
11 अप्रैल को राजस्थान में 18 नए मामले सामने आए हैं। इनमें कोटा के 14 और बीकानेर के 4 केस हैं। कोटा के सभी मरीज तेलघर और चंद्र घाट उपकेंद्र क्षेत्र से हैं जबकि बीकानेर में मिले चार पॉजिटिव मरीज पहले से पॉजिटिव केस के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए।

जयपुर में पिता-पुत्र पॉजिटिव
खबर है कि जयपुर के माणक चौक पुलिस थाने के पीसीआर में तैनात एक हैड कांस्टेबल और उसका बेटा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जयपुर में पुलिसकर्मी के कोरोना पॉजिटिव का यह दूसरा मामला है। इस पुलिस हैड कांस्टेबल के संपर्क में आने वाले 7 दिन के लोगों की सूची बनाई गई है। सूची के आधार पर सभी को आइसोलेट किया जाएगा।

बीकानेर में मां-बेटी पॉजिटिव
राजस्थान के बीकानेर में 11 माह की एक बच्ची की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में किसी बच्ची के कोरोना संक्रमित होने का यह पहला मामला है। साथ ही बच्ची की मां भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। उधर, राजस्थान सरकार ने कोराना वॉरियर्स के लिए 50 लाख का बीमा करवाने का निर्णय किया है।

22349 लोगों की हुई सैंपल जांच
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव रोहित कुमार सिंह ने बताया प्रदेशभर में आब-तक 22349 लोगों की सैंपल जांच हो चुकी है। 22349 लोगों में 579 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई वहीं 20698 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई जबकि 1072 लोगों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications