राजस्थान : 26 जिलों में फैला कोरोना, 24 लोगों की मौत, नवजात बच्ची समेत 1495 लोग कोरोना पॉजिटिव
नागौर : कोरोना की वजह से 62 वर्षीय व्यक्ति की मौत, नवजात की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव
जयपुर। राजस्थान में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 1495 लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। इनमें से 205 कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति ठीक भी हुए हैं।

मौत से पहले आई पॉजिटिव रिपोर्ट
राजस्थान के नागौर शहर के निकटवर्ती बासनी में अब तक 51 लोग पॉजिटिव हुए हैं। रविवार रात को कोरोना पॉजिटिव एक व्यक्ति की मौत हो गई। मरने वाले व्यक्ति को नागौर के जेएलएन अस्पताल से पहले जोधपुर तथा बाद में जयपुर ले जाया गया था, जहां उसका सैम्पल भी लिया गया। 62 वर्षीय इस व्यक्ति की कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट मौत से कुछ समय पहले ही मिली।

नागौर के बासनी में सबसे बड़ी चिंता
वहीं, पांच दिन पहले बासनी की एक गर्भवती को नागौर से जयपुर रेफर करने के बाद जयपुर में उसकी डिलीवरी हुई। महिला की नवजात बच्ची का सैम्पल लिया, जिसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। नागौर चिकित्सा विभाग, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के लिए बासनी कस्बा सबसे बड़ी चिंता का विषय बन गया है। बासनी से लिए गए सैकड़ों सैम्पल की जांच अब भी आना बाकी है, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उनकी रिपोर्ट आने पर पॉजिटिव की संख्या में इजाफा होगा।
चार जिलों में आंकड़ा सौ के पार
बता दें कि राजस्थान में राजधानी कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बना हुआ है। प्रदेश के 26 जिलों में कोरोना फैल चुका है। 20 अप्रैल तक चार जिलों में कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा जयपुर में सौ को पार कर गया है, इनमें जयपुर में 543, जोधपुर में 230, कोटा में 101, भरतपुर में 102 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications