राजस्थान: कांग्रेस महाधिवेशन में बोले सीएम गहलोत, कहा "सरकारों को गिराने का नया मॉडल लाए हैं मोदी-शाह"
कांग्रेस के महाधिवेशन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र और भाजपा नेताओं पर हमला बोला है। गहलोत ने कहा कि पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह चुनी हुई सरकारों को गिराने का नया मॉडल लेकर आए हैं।

कांग्रेस के रायपुर महाधिवेशन के मंच से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला है। गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह चुनी हुई सरकारों को हॉर्स ट्रेडिंग के जरिए गिराने का नया मॉडल लेकर आए हैं। सीएम गहलोत ने कहा कि मध्य प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र की सरकार गिराने का घटनाक्रम सामने देखा है। गोवा और मणिपुर में जो कुछ हुआ वह भी जनता के सामने हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान में भी कांग्रेस सरकार गिराने की कोशिश की गई। लेकिन वह बच गई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में तो फासिस्ट ताकतों की कुछ करने की हिम्मत नहीं हुई। सीएम गहलोत ने कहा कि दिल्ली में फासिस्ट सोच वाले लोग बैठे हैं। देश का माहौल खतरनाक हो गया है। गहलोत ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि आप समझेंगे तभी इन्हें सबक मिलेगा।
कांग्रेस ने जनता को माई बाप बनाया
सीएम गहलोत ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी उपलब्धि लोकतंत्र को कायम रखना है। कांग्रेस ने ही जनता को मां-बाप बनाया है। जनता का वोट का अधिकार और देश का संविधान कांग्रेस ने ही दिया है। कांग्रेस के समय केवल संविधान बना ही नहीं बल्कि यह कायम भी रहा है। पाकिस्तान भी हमारे साथ ही आजाद हुआ था। लेकिन वहां बार-बार सैनिक शासन भी आया। सीएम गहलोत ने कहा कि अगर कांग्रेस लोकतंत्र जिंदा नहीं रखती तो प्रधानमंत्री मोदी पीएम कैसे बन पाते। गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हम सबको समझदारी से काम लेना होगा। तब जाकर देश संविधान और लोकतंत्र बचेगा।
अडाणी मामले में देशव्यापी प्रदर्शन करेगी कांग्रेस
कांग्रेस के महाधिवेशन में राहुल गांधी ने अडाणी मामले को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। राहुल ने कहा कि सच सामने आने तक पार्टी गौतम अडाणी के बारे में सवाल पूछती रहेगी। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि अडाणी समूह से जुड़े मामलों को लेकर 6 से 10 मार्च के बीच पूरे देश में सरकारी बैंकों और एलआईसी के दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 13 मार्च को चलो राजभवन मार्च का भी आयोजन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications