राजस्थान: सीएम गहलोत की महिलाओं को सौगात, प्रदेश में आज रात से रोडवेज बसों में होगी मुफ्त यात्रा
राजस्थान में आज रात 12 बजे से महिलाएं राजस्थान रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। गहलोत सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं के लिए बस यात्रा पूर्ण रूप से मुफ्त की है।

राजस्थान में बुधवार रात 12 बजे से महिलाएं राजस्थान रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजस्थान में महिलाओं के लिए बस यात्रा पूर्ण रूप से मुफ्त रहेगी। महिलाएं 8 मार्च को रात 12 बजे तक मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगी। प्रदेश में गहलोत सरकार ने हर साल की तरह इस साल भी 8 मार्च को महिला दिवस के दिन महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त की है। राजस्थान रोडवेज प्रशासन की ओर से ऐसे आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस साल होली के अगले दिन ही 8 मार्च पड़ रही है। जिसके चलते बड़ी संख्या में महिलाएं इसका फायदा उठा सकेंगी। हालांकि इस सुविधा का फायदा राजस्थान राज्य सीमा के अंदर ही मिलेगा।
राज्य से बाहर जाने पर लगेगा किराया
राज्य सरकार द्वारा जारी आदेश के मुताबिक अगर कोई दिल्ली, आगरा, मथुरा या दूसरे राज्यों के शहरों में जाता है तो उसे से राजस्थान की सीमा तक कोई किराया नहीं लिया जाएगा। लेकिन उसके बाद का किराया वसूल किया जाएगा। राजस्थान में लगभग 3.5 करोड़ आबादी महिलाओं की है। यह फ्री बस सेवा 7 मार्च रात 12 से 8 मार्च रात 12 तक काटे जाने वाले टिकटों पर रहेगी और यह फ्री सेवा राजस्थान के अंदर ही मिलेगी।
सीएम गहलोत ने घोषणा को धरातल पर उतारा
राजस्थान में 1 अप्रैल से राजस्थान रोडवेज में महिलाओं और लड़कियों का बस का किराया आधा ही देना होगा। सीएम अशोक गहलोत ने अपने बजट में रोडवेज की साधारण बसों में महिलाओं के लिए किराए में 50 फीसदी छूट देने का ऐलान किया था। यह छूट महिलाओं को एक अप्रैल 2023 से मिलने लगेगी। सीएम गहलोत ने बजट घोषणा को धरातल पर उतार दिया है।












Click it and Unblock the Notifications