Rajasthan: रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कराएंगे बहनों को मुफ्त यात्रा, जेसीटीएसएल में भी फ्री सफर
जयपुर, 10 अगस्त। राजस्थान में रक्षाबंधन पर महिलाओं को सरकार ने सरकारी बसों में यात्रा करने की छूट दी है। राज्य सरकार ने जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा संचालित सभी बसों में भी महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की है। यह सुविधा आज रात 12 बजे से कल 11 अगस्त को रात 12 बजे तक लागू रहेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाएं जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड द्वारा संचालित सभी बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। रक्षाबंधन के अवसर पर 11 अगस्त को जेसीटीएसएल यह सभी श्रेणी की बसों में जयपुर शहर की सीमा में यह सुविधा दी जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की सभी श्रेणी की बसों में भी रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं के लिए निशुल्क यात्रा के आदेश जारी किए थे। मुख्यमंत्री ने निगम के सभी डिपो प्रबंधकों को आदेश जारी किए थे। यात्रा के लिए अग्रिम आरक्षण भी कराया जा सकता है।

महिलाएं कर सकेंगी सरकारी बसों में मुफ्त सफर
प्रदेश की गहलोत सरकार ने इससे पहले 30 जुलाई को बहनों को मुफ्त सफर का तोहफा दिया था। रक्षाबंधन पर 11 अगस्त को है। ऐसे में 10 अगस्त की रात 12 बजे से लेकर 11 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाएं और बालिकाएं राजस्थान रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। इस संबंध में राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने निर्देश जारी किए हैं। यह सुविधा राजस्थान की सीमा तक सफर करने पर ही दी जाएगी। रोडवेज की बस में राजस्थान से दिल्ली या अन्य राज्यों के शहरों में जाने पर किराया भुगतान करना होगा।

कोविड गाइडलाइन की पालना करनी होगी
राजस्थान रोडवेज के आदेशानुसार महिलाएं और बालिकाएं रक्षाबंधन के पर्व पर 11 अगस्त को एक दिन के लिए साधारण एवं एक्सप्रेस बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा प्राप्त कर सकेंगी। यात्रा के दौरान कोविड-19 गाइडलाइन की पालना करनी होगी। वाहनों में बैठक की क्षमता के अनुसार ही यात्री बैठे जाएंगे। प्रत्येक यात्री को फेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा। राजस्थान सरकार ने इससे पहले महिला दिवस पर भी महिलाओं को निशुल्क यात्रा का तोहफा दिया था। तब पूरे प्रदेश में हजारों महिलाओं और युवतियों ने रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की थी। अब जेसीटीएसएल की बसों में भी रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications