राजस्थान: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लाएंगे 40 देशों से बड़ा बजट, प्रदेश के हर वर्ग को मिलेगा लाभ
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 10 फरवरी को बजट पेश करेंगे। इस बजट में प्रदेश के हर वर्ग को लाभांवित करने की कोशिश की जा रही है। चर्चा है कि सीएम गहलोत 40 देशों से ज्यादा बड़ा बजट लाने की तैयारी में हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 10 फरवरी को बजट पेश कर रहे हैं। प्रदेश में सीएम गहलोत के बजट को लेकर आमजन से लेकर खास तक के बीच चर्चा है। मुख्यमंत्री गहलोत और उनकी पूरी टीम बजट को अंतिम रूप देने में जुटी है। इस बजट से मिलने वाले फायदों को लेकर प्रदेश भर में उम्मीदें परवान पर है। इसी साल के अंत में विधानसभा के चुनाव भी होने हैं। ऐसे में सरकार लोक लुभावन बजट लाने की तैयारी कर रही है। सीएम गहलोत खुद बजट को गेम चेंजर मान रहे हैं। माना जा रहा है कि सीएम गहलोत का 10 फरवरी को पेश होने वाला बजट आर्थिक इतिहास में सबसे बड़ा बजट होगा। चर्चा है कि सीएम गहलोत 2 लाख 65 हजार 500 करोड़ का बजट लेकर आने वाले हैं। अगर ऐसा हुआ तो यह बजट दुनिया के 40 देशों के बजट से भी ज्यादा बड़ा होने वाला है।

हर वर्ग को लाभांवित करने की कोशिश
राजस्थान में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस सत्ता में वापसी की उम्मीद के साथ चुनाव में उतरना चाह रही है। बजट से युवा, कर्मचारी, महिला, व्यापारी, खिलाड़ी, किसान सभी वर्गों की उम्मीदें हैं। सीएम गहलोत चाहते हैं कि बजट में हर वर्ग को लाभान्वित किया जाए। सीएम गहलोत 10 फरवरी को सुबह 11 बजे अपना पिटारा खोलेंगे। मुख्यमंत्री खुद पूरे बजट को देख रहे हैं। उन्होंने बजट पूर्व बैठक में हर वर्ग से संवाद कर जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश भी की है।
युवाओं और महिलाओं पर रहेगा फोकस
बजट में युवाओं और महिलाओं को फोकस रखा जा रहा है। युवाओं की प्रमुख मांगों में पेपर लीक मुक्त परीक्षाएं, नौकरियां और भर्तियों की संख्या बढ़ाने, परीक्षा में आवेदन शुल्क में कमी करने, समयबद्ध भर्तियां कराने सहित कई मांगे हैं। किसान खेती के लिए बिजली, कृषि कनेक्शन सहित अन्य मांगे तथा व्यापारी विभिन्न वस्तुओं पर टैक्स कम करने के साथ कई प्रकार की छूट की उम्मीद लगाए बैठा है। विपक्ष के तमाम आरोपों को दरकिनार कर सीएम बजट की तैयारियों में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि राजस्थान सरकार ने पिछले वर्ष करीब 23 हजार करोड रुपए उधार लेकर जो घाटे का बजट बनाया था। लेकिन इस बार अपने राजस्व में 29% की बढ़ोतरी दर्ज की है। राजस्थान के विकास की दर भी अनुमान से ज्यादा 14% रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में आने वाला बजट राजस्थान का भविष्य तय करने वाला होगा।












Click it and Unblock the Notifications