राजस्थान: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सिरोही में की घोषणा, पोसालिया नदी पर बनेगा पुल
राजस्थान के मुख्यमंत्री मंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश की प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और परंपरा संरक्षण में आदिवासियों का अमूल्य योगदान है। सीएम गहलोत ने पोसालिया नदी पर पुल निर्माण कराने की बात कही है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री मंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश की प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और परंपरा संरक्षण में आदिवासियों का अमूल्य योगदान है। सीएम गहलोत शनिवार को सिरोही के शिवगंज के चौटिला गांव में मारवाड़ मीणा समाज महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सीएम गहलोत ने कहा कि गौतम ऋषि मंदिर के पदाधिकारियों द्वारा बारिश के दिनों में मंदिर तक श्रद्धालुओं के पहुंचने के लिए पोसालिया नदी पर पुल निर्माण कराने, सुमेरपुर में आवासीय विद्यालय, सामूहिक वनाधिकार प्रकरणों सहित अन्य मागों का अध्ययन कराकर शीघ्र पूरा कराया जाएगा। राज्य सरकार ने बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर और प्रतापगढ़ जैसे आदिवासी बाहुल्य जिलों के विकास में कमी नहीं रखी है।

जनजाति विकास कोष की राशि बढ़ाकर 500 करोड़ की
राज्य बजट में जनजाति विकास कोष की राशि को 100 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 500 करोड़ रुपये किया गया है। इससे रोजगारोन्मुखी गतिविधियों, सामाजिक सुरक्षा ,शिक्षा सहित अन्य कार्य होंगे। जोधपुर संभाग में एसटी वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए मारवाड़ जनजाति विकास बोर्ड का गठन किया गया है। एसटी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों का निर्माण, नए आवासीय विद्यालय सहित शिक्षा के सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन किए जा रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा महंगाई से राहत दिलाने के लिए 76 लाख परिवारों को सिर्फ 500 रुपये में घरेलू गैस सिलेंडर दिया जाएगा। किसानों को प्रतिमाह 2,000 यूनिट और घरेलू उपभोक्ताओं को 100 यूनिट नि:शुल्क बिजली देने का प्रावधान भी किया गया है। प्रदेशवासियों को आर्थिक संबल देने के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना में बीमा राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये की गई है। सम्मेलन में जनजाति क्षेत्री विकास मंत्री अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा कि जनजाति क्षेत्र के सर्वागींण विकास हुआ है। बोर्ड के गठन से लेकर छात्रावासों के निर्माण और आधारभूत संरचना में प्रगति हुई है। सीएम गहलोत ने हैलीपेड पर जनसुनवाई करने के बाद गौतम ऋषि मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली के लिए कामना की।












Click it and Unblock the Notifications