ByPolls Results : राजस्थान उपचुनाव 2021 में ना BJP जीती ना कांग्रेस हारी, RLP की हुई धांसू एंट्री
जयपुर, 2 मई। राजस्थान उपचुनाव 2021 के वोटों की गिनती की जा रही है। दोपहर तक नतीजों की तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होती जा रही है। हालांकि अंतिम परिणाम शाम तक घोषित होंगे।

राजस्थान विधानसभा की तीनों सीटों की मतगणना के अब तक के रुझान बता रहे हैं कि राजस्थान उपचुनाव 2021 में सीट के लिहाज से ना तो कांग्रेस जीती और ना ही भाजपा हारी। दोनों ही पार्टी अपनी अपनी सीट बचाने में सफल होती दिख रही हैं। इसके इत्तर तीसरे मोर्चे के तौर पर हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी की एंट्री हुई है। राजस्थान उपचुनाव 2021 के मतगणना के रुझान ही अगर परिणाम बनते हैं तो स्थिति उपचुनाव से पहले के जैसी ही रहेगी। मतलब तीन में से दो सीट पर कांग्रेस और एक सीट पर भाजपा का कब्जा होगा। चुनाव से पहले भी स्थिति यही थी।
सहानुभूति वोट हासिल करने की रणनीति
बता दें कि राजस्थान विधानसभा की सहाड़ा, सुजानगढ़ और राजसमंद में विधायकों के निधन के कारण खाली हुई सीटों पर सहानुभूति वोट हासिल करने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपने दिवंगत विधायकों के परिजनों पर ही दांव लगाया था, जो अब रुझान को देखते सही साबित होता जा रहा है।
राजसमंद उपचुनाव 2021 परिणाम
राजसमंद उपचुनाव 2021 में भाजपा की पूर्व विधायक किरण माहेश्वरी की बेटी दीप्ति माहेश्वरी मैदान में हैं। अब तक के रुझान में 5122 वोटों से आगे चल रही हैं जबकि दूसरे नंबर पर कांग्रेस के तनसुख बोहरा हैं। 15वें राउंड तक दीप्ति की बढ़त 1695 मतों की थी, जो राउंड बढ़ने के साथ-साथ बढ़ती गई। 24वें राउंड तक दीप्ति को 73362 व तनसुख बोहरा को 68240 मिले हैं।
सहाड़ा उपचुनाव 2021 परिणाम
भीलवाड़ा जिले की सहाड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस के दिवगंत विधायक कैलाश त्रिवेदी की पत्नी गायत्री देवी मैदान में हैं। अब तक के रुझान में गायत्री देवी ने 18088 मतों के साथ बढ़त बना रखी है। दूसरे नंबर पर भाजपा के रतनलाल जाट हैं।
सुजानगढ़ उपचुनाव 2021 परिणाम
अशोक गहलोत सरकार में मंत्री रहे मास्टर भंवर लाल मेघवाल के निधन पर उनके बेटे मनोज कुमार को मैदान में उतारा गया। 13वें राउंड की मतगणना में मनोज कुमार 32600 वोट हासिल करके नंबर एक पर, 17924 मतों के साथ हनुमान बेनीवाल की पार्टी आरएलपी प्रत्याशी सीताराम नायक दूसरे नंबर पर बने हुए हैं और 17 हजार 524 मत लेकर भाजपा प्रत्याशी खेमाराम तीसरे नंबर पर आ गए।












Click it and Unblock the Notifications